रांची में सड़क किनारे कारोबार करने वालों को राहत, आधुनिक वेंडिंग जोन में मिलेगा स्थायी ठिकाना और बेहतर सुविधाएं

Ranchi: नए वेंडिंग जोन में वेंडर्स के लिए शेड, पेयजल, शौचालय, बिजली, कचरा प्रबंधन, पार्किंग और बैठने जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इससे फुटपाथ पर बिखरे कारोबार को व्यवस्थित रूप मिलेगा और ग्राहकों को भी बेहतर खरीदारी का माहौल मिलेगा.
 

Ranchi: राजधानी रांची में सड़क किनारे कारोबार करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के लिए बड़ी राहत की खबर है. रांची नगर निगम शहर में आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है. इस योजना के तहत 205 पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी दुकान और व्यवस्थित व्यापारिक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य वेंडर्स को सुरक्षित आजीविका देना, सड़क अतिक्रमण कम करना और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है.

नगर निगम के अनुसार, नए वेंडिंग जोन में वेंडर्स के लिए शेड, पेयजल, शौचालय, बिजली, कचरा प्रबंधन, पार्किंग और बैठने जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इससे फुटपाथ पर बिखरे कारोबार को व्यवस्थित रूप मिलेगा और ग्राहकों को भी बेहतर खरीदारी का माहौल मिलेगा.

योजना के तहत केवल सत्यापित और पात्र वेंडर्स को ही स्थान आवंटित किया जाएगा. आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जाएगी ताकि वास्तविक स्ट्रीट वेंडर्स को इसका लाभ मिल सके. नगर निगम का मानना है कि इस पहल से शहर में अवैध कब्जों पर भी नियंत्रण लगेगा और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा.

रांची में पहले से संचालित वेंडिंग जोन को लेकर नगर निगम निगरानी भी बढ़ा रहा है. हाल के दिनों में मोरहाबादी वेंडिंग जोन में नियमों के उल्लंघन और अवैध किरायेदारी के मामलों पर कार्रवाई की गई है, जिससे स्पष्ट है कि नए वेंडिंग जोन में नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा.