रांची में सड़क बनी काल: महिला कांस्टेबल की मौत, संयोग या त्रासदी..पति भी पहले हो चुके थे घायल...
Ranchi: राजधानी रांची में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. रातू इलाके में झारखंड पुलिस की एक महिला कांस्टेबल की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब महिला कांस्टेबल अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकली थी.
सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से मौत
रांची के रातू थाना क्षेत्र स्थित हाजी चौक पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने की वजह से झारखंड पुलिस में कार्यरत महिला कांस्टेबल रंजीता एक्का की दर्दनाक मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूटी सवार महिला कांस्टेबल अचानक डिसबैलेंस होकर स्कूटी सहित सड़क पर जा गिरी. इसी दौरान एक वाहन ने उन्हें कुचल दिया. हालांकि वाहन सवार मौके से फरार हो गया. जानकारी मिलने के बाद रातू थाना के सहयोग से महिला कांस्टेबल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान सिमडेगा जिला बल की कांस्टेबल रंजीता एक्का के रूप में हुई है. रंजीता रातू थाना क्षेत्र में ही रहा करती थीं, हाईकोर्ट में ड्यूटी जाने के दौरान यह हादसा हुआ है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आगे की कारवाई कर रही है:- आदिकान्त महतो, रातू थाना प्रभारी
डेपुटेशन पर आई थीं हाईकोर्ट
झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रंजिता एक्का सिमडेगा जिला पुलिस बल में थीं, लेकिन फिलहाल वे प्रतिनियुक्ति पर झारखंड हाईकोर्ट में अपनी ड्यूटी कर रही थी. कोर्ट जाने के दौरान ही हाजी चौक पर सड़क हादसे में उनकी मृत्यु हो गई.
पति की जान भी सड़क हादसे में ही गई थी
वहीं, सिमडेगा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रंजिता एक्का के पति भी झारखंड पुलिस में थे. उनकी मौत भी एक सड़क हादसे में हो गई थी, जिसके बाद अनुकंपा के आधार पर रंजिता को झारखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर नौकरी मिली थी. अब रंजिता एक्का की मौत भी सड़क हादसे में ही हो गई. रंजिता की मौत के बाद उनका पूरा परिवार सदमे में है.