आरपीएफ ने दो नाबालिग बच्चियों को मानव तस्कर के चंगुल से बचाया 

 

रांची मंडल के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में, मानव तस्करों के खिलाफ एक नया अभियान शुरू किया गया है। 24 जून, 2024 को AHTU टीम रांची ने नन्हे फरिश्ते के साथ निरीक्षक दिगंजय शर्मा की निगरानी में रांची रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की। इस दौरान, प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के पास दो नाबालिग लड़कियों को एक पुरुष व्यक्ति के साथ संदिग्ध स्थिति में बैठे पाया गया। उनके साथ थे अनिल मंसिद ओरेया, जिसने इन लड़कियों को हरियाणा में जबरन श्रम के लिए भेजने की साजिश की थी। इसके बाद, उन्हें आरपीएफ पोस्ट रांची ले जाया गया।

आरपीएफ निरीक्षक ने महिला स्टाफ के साथ मिलकर दोनों लड़कियों की जांच की और उनके परिवार से संपर्क स्थापित किया। जांच में पता चला कि ये बच्चियां झारखंड के रहने वाली हैं और उन्हें अनिल मंसिद ओरेया ने पोल्ट्री फॉर्म में काम करने के लिए धोखाधड़ी से भेजा जाने की कोशिश की थी। सभी कानूनी औपचारिकता के बाद, ओरेया को गिरफ्तार कर उपनिरीक्षक सोहन लाल के पास सौंपा गया। इस मामले में एएचटीयू थाना कोतवाली ने अनुसंधान शुरू किया है। बच्चियों की सुरक्षा के लिए उन्हें सीडब्ल्यूसी/रांची के मौखिक आदेश के अनुसार प्रेमाश्रय में सौंप दिया गया।