Seraikela Accident: एक बाइक पर सवार थे 4 दोस्त, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर और चली गई जान!
Rajnagar: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-220 पर बाघरायसाई गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक आकाश पात्रो की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान पोटका प्रखंड के तेतला पंचायत अंतर्गत चारडीहा गांव निवासी आकाश पात्रो के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।
राजनगर बाजार से लौट रहे थे चारों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, चारडीहा निवासी आकाश पात्रो अपने तीन दोस्तों टिकाराम सरदार (35), भोला सरदार (28) और हीरा गोप (36) के साथ बुधवार को एक ही बाइक से राजनगर बाजार गए थे।
शाम करीब 5:30 बजे चारों बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाघरायसाई गांव के पास तीखे मोड़ पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में उनके सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
समाजसेवी ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के समय वहां से गुजर रहे समाजसेवी अजय कुमार गोप की नजर सड़क पर घायल पड़े युवकों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल मदद के लिए 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
इसके बाद एंबुलेंस और एक मालवाहक टेंपो की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), राजनगर पहुंचाया गया।
अस्पताल में एक युवक को मृत घोषित किया गया
सीएचसी राजनगर में चिकित्सकों ने जांच के बाद आकाश पात्रो को मृत घोषित कर दिया। वहीं टिकाराम सरदार, भोला सरदार और हीरा गोप का प्राथमिक उपचार किया गया।
तीनों की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, एनएच-220 पर बाघरायसाई के पास तीखा मोड़ होने के कारण यहां अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पुलिस हादसे के कारणों और फरार वाहन का पता लगाने के लिए आसपास की जानकारी जुटा रही है।