राजधानी रांची में कई थाना प्रभारियों का तबादला, कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन का बड़ा फैसला

Ranchi: पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी सूची में कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. प्रशासन का कहना है कि बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और क्षेत्रीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह फेरबदल किया गया है.
 

Ranchi: राजधानी रांची में पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई थाना प्रभारियों का तबादला किया है. जारी आदेश के अनुसार खलारी समेत कुल छह थानों में नए थाना प्रभारियों की पोस्टिंग की गई है.

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी सूची में कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. प्रशासन का कहना है कि बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और क्षेत्रीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह फेरबदल किया गया है.

कौन कहां से कहां गया?

  • डेली मार्केट थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह को जगन्नाथपुर थाने का नया प्रभारी बनाया गया है.
  • जगन्नाथपुर के थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह को डेली मार्केट का नया प्रभारी बनाया गया है.
  • बुंडू थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा को खलारी थाना का नया प्रभारी बनाया गया है.
  • खलारी थाना प्रभारी जयदेव टोप्पो को बुंडू थाना का नया प्रभारी बनाया गया है.
  • यातायात थाना प्रभारी जगन्नाथपुर इम्तियाज अहसन को पुलिस केंद्र भेज दिया गया है.
  • ओरमांझी थाना प्रभारी शशि भूषण चौधरी को यातायात थाना प्रभारी जगन्नाथपुर बनाया गया है.
  • मनोज कुमार (एक) को पुलिस केंद्र से ओरमांझी थाने का नया प्रभारी बनाया गया है.

जल्द योगदान देने का निर्देश

रांची के सीनियर एसपी की ओर से जारी किए गए आदेश में बताया गया है कि निम्नांकित पुलिस पदाधिकारी की पदस्थापना तत्काल प्रभाव से उनके नाम के सामने अंकित प्रतिष्ठान में किया गया है. ऐसे में आदेश दिया जाता है कि अविलंब नव पदस्थापन स्थल पर योगदान देकर अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करना सुनिश्चित करेंगे.

बताया जा रहा है कि जिन थानों में नए प्रभारियों की नियुक्ति हुई है, वहां अपराध नियंत्रण, जनसंपर्क और लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष फोकस रहेगा. इसके साथ ही थाना स्तर पर कार्यप्रणाली को और सक्रिय बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं.

रांची पुलिस प्रशासन का मानना है कि नए अधिकारियों की तैनाती से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं पुलिस विभाग के इस फैसले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पुलिस महकमे में हुए इस बदलाव के बाद संबंधित अधिकारियों ने जल्द ही अपने-अपने थानों का कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है