झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन दिवंगत आत्माओं को दी गई श्रद्धांजलि, सदन में सभी सदस्यों ने खड़े होकर किया दो मिनट का मौन...

Ranchi: सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की. सदन में सभी सदस्यों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रखकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की.
 
Jharkhand Vidhan Sabha Budget Session 2026: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के बाद शोक प्रकाश के दौरान पिछले सत्र से अब तक दिवंगत हुए समाज के प्रबुद्धजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की. सदन में सभी सदस्यों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रखकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की.
दिवंगत शिवराज पाटिल को श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में जिन प्रमुख विभूतियों को याद किया गया, उनमें पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल शामिल रहे, जिनका निधन 12 दिसंबर 2025 को हुआ है. संसदीय परंपराओं के आधुनिकीकरण, लोकसभा की कार्यवाही के लाइव टेलिकास्ट और कंप्यूटरीकरण में उनके योगदान को सदन ने स्मरण किया.
दिवंगत अजीत पवार को श्रद्धांजलि 
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के 28 जनवरी 2026 को विमान दुर्घटना में निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया गया. साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी, कांके विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रामचंद्र नायक, चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गौर हरिजन को भी श्रद्धांजलि दी गई.
समाज के दिवंगत प्रबुद्धजनों को नमन
सदन ने 1971 के भारत-पाक युद्ध के वीर सैनिक हारून टोपनो, ज्ञानपीठ एवं साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल, पश्चिमी घाट संरक्षण में अग्रणी पारिस्थितिकीविद माधव गाडगिल को नमन किया.
इसके अलावा रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति व वरिष्ठ पत्रकार बीपी शरण, नीलांबर-पीतांबर के वंशज रामनंदन सिंह खरवार, विख्यात पत्रकार मार्क टली, त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष विश्वबंधु सेन, प्रसिद्ध शिल्पकार राम सूतार, नागपुरी सिनेमा के पुरोधा धनंजय तिवारी और झारखंड आंदोलन के साक्षी दरगडाय सिरका को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए.
श्रद्धांजलि के दौरान हाल के महीनों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई भीषण दुर्घटनाओं और हादसों में मारे गए नागरिकों और शहीद सैनिकों को भी स्मरण किया गया. सदन ने इन घटनाओं को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.