Special Train: रांची होकर चलेगी संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस, जानें रूट...
दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच यात्रियों के लिए राहत की खबर है. रेलवे ने पश्चिम बंगाल के संतरागाछी से राजस्थान के खातीपुरा के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन की उद्घाटन स्पेशल सेवा 26 अक्टूबर को चलाई. यह ट्रेन टाटानगर और रांची समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. रांची स्टेशन पर इसके पहुंचने का निर्धारित समय रात 10:50 बजे और प्रस्थान का समय रात 11:05 बजे है.
Ranchi: दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट के बीच यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने पश्चिम बंगाल के संतरागाछी से राजस्थान के खातीपुरा के बीच एक्सप्रेस ट्रेन की उद्घाटन स्पेशल सेवा शुरू की है। यह ट्रेन झारखंड में टाटानगर और रांची समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे त्योहार के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेग.
संतरागाछी से रवाना हुई उद्घाटन स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 08061 संतरागाछी-खातीपुरा उद्घाटन स्पेशल 26 अक्टूबर को संतरागाछी से दोपहर 2 बजे रवाना हुई। निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन शाम 5:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इसके बाद पुरुलिया के रास्ते रात 10:50 बजे रांची पहुंचेगी। रांची स्टेशन पर इसका निर्धारित प्रस्थान समय रात 11:05 बजे है।
रांची से आगे ट्रेन लोहरदगा होते हुए राजस्थान की ओर रवाना होगी। त्योहारों के दौरान घर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए इस ट्रेन का रूट खास महत्व रखता है।
झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई स्टेशनों पर ठहराव
संतरागाछी-खातीपुरा उद्घाटन स्पेशल ट्रेन झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके निर्धारित मार्ग में टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड और जपला शामिल हैं।
इसके बाद ट्रेन डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन से होते हुए मिर्जापुर, प्रयागराज, कानपुर, आगरा और दौसा के रास्ते खातीपुरा पहुंचेगी। निर्धारित समय के मुताबिक, ट्रेन अगले दिन रात 11 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
नियमित परिचालन की तारीख का इंतजार
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 18061/18062 संतरागाछी-खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस के नियमित परिचालन की तारीख बाद में घोषित की जाएगी। फिलहाल 26 अक्टूबर को उद्घाटन स्पेशल सेवा चलाई गई है। यात्रियों को नियमित सेवा शुरू होने से संबंधित आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।
छठ को लेकर रेलवे कर रहा अतिरिक्त इंतजाम
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छठ महापर्व को देखते हुए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों का परिचालन भी किया जा रहा है।
त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर यात्रा करते हैं। ऐसे में रेलवे की ओर से किए जा रहे अतिरिक्त इंतजामों से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।