ST Students Scholarship: ST छात्रों के खाते में जल्द आएगी छात्रवृत्ति! 2026-27 का आवेदन शुरू

ST Scholarship 2026-27:  अनुसूचित जनजाति (ST) छात्रों के लिए छात्रवृत्ति को लेकर बड़ी खबर है. केंद्र सरकार ने 2026-27 वित्तीय वर्ष के लिए ₹250 करोड़ जारी किए हैं. इसके साथ ही छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. पात्र ST छात्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर छात्रवृत्ति का लाभ ले सकते हैं.
 

Ranchi:   झारखंड के अनुसूचित जनजाति (ST) विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने राज्य के एसटी छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति के भुगतान के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि आवंटित कर दी है। केंद्र से राशि जारी होने के बाद अब राज्य के कल्याण विभाग की ओर से विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बताया गया है कि झारखंड में प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत कुल 364 करोड़ रुपये की राशि लंबित थी। छात्रवृत्ति योजना में केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी तय है। इसके तहत 75 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 25 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाती है।

प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति में कक्षा 1 से 8 तक का पूरा खर्च राज्य सरकार का

छात्रवृत्ति के नियमों के अनुसार, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति की 100 प्रतिशत राशि राज्य सरकार अपने बजट से वहन करती है।

वहीं, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले विद्यार्थियों को दिया जाता है। इसके लिए विद्यार्थी के परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये तक या उससे कम होना आवश्यक है।

पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत अलग-अलग पाठ्यक्रमों को चार समूहों (Group 1 से Group 4) में बांटा गया है। छात्रवृत्ति की राशि पाठ्यक्रम और विद्यार्थी की श्रेणी के अनुसार निर्धारित होती है। इसके अलावा हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले Hostellers और प्रतिदिन घर से कॉलेज जाने वाले Day Scholars के लिए भी अलग-अलग छात्रवृत्ति दर का प्रावधान है।

ST, SC और OBC छात्रों के लिए आवेदन शुरू

झारखंड कल्याण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 और 2026-27 के लिए पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति का ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिया है। अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) और पिछड़ा वर्ग (OBC) के पात्र छात्र-छात्राएं ई-कल्याण (e-Kalyan) पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को समय सीमा के भीतर आवेदन करने के साथ आवश्यक दस्तावेज भी जमा करने होंगे।

सत्यापन के बाद DBT से खाते में आएगी राशि

छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन करना पर्याप्त नहीं होगा। आवेदन और संबंधित दस्तावेजों का निर्धारित स्तर पर सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि DBT के माध्यम से सीधे भेजी जाएगी।

ऐसे में पात्र विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना e-Kalyan पोर्टल पर आवेदन पूरा करें और अपने दस्तावेजों की जानकारी सही तरीके से दर्ज करें। बैंक खाते और अन्य जरूरी विवरण में किसी तरह की गलती होने पर भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।