सुदिव्य सोनू के निधन पर झारखंड में 2 दिन राजकीय शोक! कल बंद रहेंगे सरकारी स्कूल-ऑफिस

Ranchi: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर राज्य में दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है. सरकार के फैसले के तहत इस दौरान सरकारी स्तर पर शोक व्यक्त किया जाएगा. राजकीय शोक के चलते कल सरकारी स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे. सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है.

 

Ranchi: झारखंड के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद राज्य सरकार ने 6 और 7 सितंबर को दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। मंत्रिमंडल एवं समन्वय विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।

राजकीय शोक के दौरान राज्य के उन सभी सरकारी और अन्य भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है। सरकार के आदेश के मुताबिक 7 सितंबर को राज्य सरकार के सभी कार्यालय और सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही 6 और 7 सितंबर को राज्य में किसी भी तरह के राजकीय समारोह आयोजित नहीं किए जाएंगे।

56 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन

सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार सुबह 56 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह झारखंड सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पास पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य, नगर विकास और उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग थे।

उनके निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है।

JMM ने झुकाया पार्टी का झंडा, सभी कार्यक्रम स्थगित

दिवंगत मंत्री के सम्मान में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अपने कैंप ऑफिस में पार्टी का झंडा झुका दिया। पार्टी की ओर से प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों को भी स्थगित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सुदिव्य कुमार सोनू का पार्थिव शरीर विधानसभा नहीं लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार उनके गृह क्षेत्र गिरिडीह में रविवार को ही किया जाएगा।

कांग्रेस ने लोकभवन मार्च और SIR बैठक टाली

मंत्री के निधन के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी अपने निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि 7 सितंबर को प्रस्तावित लोकभवन मार्च और प्रदर्शन को शोक की स्थिति को देखते हुए स्थगित कर दिया गया है।

इसके अलावा 8 सितंबर को SIR को लेकर प्रस्तावित बैठक भी टाल दी गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पार्टी शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की कामना की।

पश्चिमी सिंहभूम में भी कार्यक्रम स्थगित

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी कई प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन ने निर्धारित खिलाड़ी और प्रशिक्षक सम्मान समारोह को टाल दिया है।

वहीं, 7 सितंबर को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन भी स्थगित रहेगा। आयोजकों के मुताबिक इन कार्यक्रमों की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

अंतिम विदाई की तैयारियां पूरी

राज्य सरकार की ओर से दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा के साथ सुदिव्य कुमार सोनू को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की तैयारी की गई है। उनके आकस्मिक निधन से झारखंड की राजनीति में शोक की गहरी छाया है।