झारखंड में मुरासु तूफान का कहर? 20 जिलों में बारिश-कोहरे का अलर्ट...4°C गिरेगा पारा
Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु का आंशिक असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने तीन नवंबर को रांची समेत 20 जिलों में कोहरा, बादल और कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। ऐसे में राज्य में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
मुरासु तूफान से इन जिलों में बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मुरासु तीन नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। हालांकि, झारखंड में इसका सीधा प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है, लेकिन इसके चलते मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है।
तीन नवंबर को रांची सहित राज्य के 20 जिलों में सुबह मध्यम दर्जे का कोहरा छाने का अनुमान है। आसमान में बादल रहेंगे और कुछ स्थानों पर वज्रपात के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।
चार नवंबर को रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में सुबह कोहरा छाने के साथ बादल और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पांच नवंबर को मुख्य रूप से सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश होने के आसार हैं।
2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
झारखंड के कई जिलों में अधिकतम तापमान में पहले से गिरावट दर्ज की जा रही है। रांची में 1.6 डिग्री, जमशेदपुर में 1.8 डिग्री, मेदिनीनगर में 0.8 डिग्री और चाईबासा में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा। वहीं, कोहरे के कारण सड़क और हवाई यातायात पर भी असर पड़ने की संभावना बनी रहेगी।
छठ से पहले 11 नवंबर से फिर बदलेगा मौसम
झारखंड के मौसम में नवंबर के दूसरे सप्ताह में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 11 नवंबर से रांची समेत राज्य के दक्षिणी हिस्सों में मौसम बदल सकता है।
इस दौरान एक से दो दिनों तक कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। बारिश के बाद आसमान साफ होने पर सुबह के समय कुहासा बढ़ सकता है और ठंड में भी इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में छठ पर्व से पहले मौसम में होने वाला यह बदलाव लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।
कुहासे ने रोकी विमानों की रफ्तार, रांची पहुंचने में हुई देरी
मौसम में बदलाव और सुबह के कुहासे का असर हवाई यातायात पर भी दिखाई दिया। सोमवार को देश के अलग-अलग शहरों से रांची आने वाली सात उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं।
दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट सुबह 7:15 बजे के बजाय 8:26 बजे पहुंची। पुणे से आने वाली इंडिगो की उड़ान 7:30 बजे की जगह 9:02 बजे रांची पहुंची। वहीं, दिल्ली और बेंगलुरु से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों में भी देरी हुई।
इसके अलावा कोलकाता और मुंबई से आने वाली इंडिगो की उड़ानें भी निर्धारित समय से देर से पहुंचीं। कोलकाता से आने वाली एक फ्लाइट शाम 6:55 बजे के बजाय 7:55 बजे रांची पहुंची।
एयरलाइंस अधिकारियों के मुताबिक, सुबह के समय कुहासे के कारण उड़ानों का परिचालन प्रभावित हुआ। इसका असर पूरे दिन विमानों के आवागमन पर देखने को मिला। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए आने वाले दिनों में भी यात्रियों को उड़ानों के समय की जानकारी लेकर एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी जा सकती है।