रामनवमी जुलूस में हिंसा पर सख्त एक्शन: हजारीबाग में 10 आरोपी गिरफ्तार, 200 अज्ञात पर केस
एसपी अंजनी अंजन ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि ये घटनाएं आपसी रंजिश, पुराने विवाद और जुलूस के दौरान हुए टकराव का नतीजा हैं। पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर लगातार छापेमारी की गई, जिससे चारों प्रमुख मामलों का खुलासा कर लिया गया है।
अलग-अलग घटनाओं में ताबड़तोड़ गिरफ्तारी
कोर्रा थाना क्षेत्र के दीपूगढ़ा में 27 मार्च की रात मुकेश सिंह पर चाकू से हमला करने वाले मुख्य आरोपी राजू थोथा उर्फ प्रणय को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
वहीं पेलावल ओपी के गदोखर गांव में 28 मार्च को जुलूस के दौरान रामकुमार साव की हत्या के मामले में SIT ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करण कुमार यादव, नितेश कुमार यादव और अरुण यादव को दबोच लिया।
जुलूस के दौरान एक और हत्या का खुलासा
सदर थाना क्षेत्र के जामा मस्जिद रोड पर 29 मार्च को विष्णुपुरी शोभायात्रा के दौरान प्रिंस कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी करण कुमार को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा अभिषेक कुमार हत्याकांड में भी पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
फरार वारंटी भी दबोचा गया
कटकमसांडी थाना पुलिस ने दो साल से फरार वारंटी आकाश कुमार को पलामू जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
हथियार बरामद, जांच जारी
पुलिस ने सभी घटनाओं में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।