ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती, 1080 वाहन चालकों को नोटिस; ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की तैयारी
Hazaribagh: शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. लगातार नियम तोड़ने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (DL) को सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. इसी क्रम में 1080 वाहन मालिकों और चालकों को नोटिस जारी किया गया है.
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की हजारीबाग में खैर नहीं. फाइन तो कटेगा ही, साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किया जाएगा. इसके बाद भी नहीं सुधरे तो पांच हजार का जुर्माना और लाइसेंस रद्द भी किया जा सकता है.
हजारीबाग जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, रफ ड्राइविंग, बिना सीट बेल्ट लगाए चालकों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है. सड़कों पर बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वालों की संख्या बहुत अधिक है. यही वजह है कि परिवहन विभाग ने अब नियमों को उल्लंघन करने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करना शुरू कर दिया है.
| माह | निलंबित ड्राइविंग लाइसेंस की संख्या |
| जनवरी | 235 |
| फरवरी | 234 |
| मार्च | 292 |
| अप्रैल | 299 |
| कुल | 1080 |
यातायात नियमों को लेकर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस जागरूकता अभियान चलाती है. वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ उनका पालन करने के लिए भी कहा जाता है. इनका कहना है कि विभाग यह कभी नहीं चाहता है कि लोगों का अनावश्यक फाइन काटा जाए. फाइन काटने का एकमात्र उद्देश्य लोगों को सबक सिखाना है कि यातायात नियमों का पालन करें.
उनका कहना है कि हजारीबाग में दो पहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग नहीं करना चाहते हैं, जो सरासर गलत है. दुर्घटना होने पर माथे पर चोट ना लगे, इसे लेकर हेलमेट का उपयोग किया जाता है. सड़क दुर्घटना में अधिकतर मौत का कारण माथे पर चोट लगना होता है. हर एक चालक को यह समझना चाहिए कि उसका जीवन उसके परिवार के लिए अनमोल है. हजारीबाग जिला प्रशासन ने लोगों की जान बचाने के लिए यह कठोर कदम उठाया है. जरूरत है हर एक चालक यातायात नियम का पालन करें.
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई ट्रैफिक नियमों के गंभीर उल्लंघन, जैसे बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना और रेड लाइट जंप करने जैसे मामलों में की जा रही है. नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों से निर्धारित समय के भीतर जवाब मांगा गया है.
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या बार-बार नियम तोड़ने की स्थिति में संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित किया जा सकता है. विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है.
अधिकारियों ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है. विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.