रांची में छात्रा से गैंगरेप, 24 घंटे के भीतर छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
Ranchi: रांची में एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई.
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर सभी छह संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया. पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मामले में पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और उसके बयान के आधार पर आगे की जांच जारी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र की रहने वाली है. छात्रा अपने एक परिचित लड़के के साथ रातू गई थी. इसी दौरान उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. छात्रा ने पुलिस को बताया है कि वह जिस लड़के के साथ रातू गई थी उसी के दोस्तों ने उसे बंधक बना कर उसके साथ गलत कार्य किया. छात्रा के अनुसार दुष्कर्म करने वालों की संख्या 7 से 8 थी.
सामूहिक दुष्कर्म की घटना 12 जुलाई की है. रातू पुलिस को मामले की जानकारी पीड़िता के द्वारा मंगलवार (14 जुलाई)की देर शाम को दी गई. जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. रांची के रूरल एसपी गौरव गोस्वामी खुद रातू थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गए.
इस संबंध में रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक छह आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की बात बताई जा रही है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है.