झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान इस दिन लेंगे शपथ, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे शामिल

 

झारखंड हाईकोर्ट के नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान 23 जुलाई को राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार उन्हें शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विशेष तैयारियाँ की गई हैं। समारोह में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से उनके करीब 60 परिजन, नजदीकी मित्र और न्यायिक अधिकारी रांची पहुंच रहे हैं। इन सभी को राज्य सरकार ने ‘स्टेट गेस्ट’ का दर्जा दिया है और उनके ठहरने के लिए होटल रेडिशन ब्लू, बीएनआर और अन्य प्रमुख होटलों में व्यवस्था की गई है।

गौरतलब है कि न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान हाल ही में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट से स्थानांतरित होकर झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त हुए हैं।

इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मंगलवार की शाम दिल्ली से रांची लौटेंगे। वे 23 जुलाई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद 24 जुलाई को मुख्यमंत्री कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री 10 जुलाई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक और 11 जुलाई की राज्य कैबिनेट बैठक में भाग लेने के बाद दिल्ली वापस चले गए थे। वे वहां अपने पिता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के इलाज और देखरेख में व्यस्त हैं। मुख्यमंत्री 24 जून से लगातार दिल्ली में अपने पिता की सेवा में लगे हुए हैं।