गिरिडीह में रेलवे ट्रैक पर मिली युवक की लाश, आत्महत्या और हादसे के बीच उलझी गुत्थी

Giridih: बताया जा रहा है कि मृतक की शादी महज चार महीने पहले हुई थी. युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.  इधर घटना आत्महत्या है या हादसा इसकी जांच शुरू कर दी गई है. मृत युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिव मुहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र देवाशीष कुमार के रूप में की गई है.
 

Giridih: झारखंड के गिरिडीह जिले में एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि मृतक की शादी महज चार महीने पहले हुई थी. युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.  इधर घटना आत्महत्या है या हादसा इसकी जांच शुरू कर दी गई है. मृत युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिव मुहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र देवाशीष कुमार के रूप में की गई है.

शुक्रवार की दोपहर इस घटना की जानकारी पहले मुफस्सिल थाना पुलिस को मिली. जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया. इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए.

परिजनों ने बताया कि देवाशीष की शादी करीब चार माह पूर्व बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी मनोज कुमार राम की पुत्री मोली कुमारी से हुई थी. मृत युवक की पत्नी मोली देवी ने बताया कि उनके पति रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह को बाइक से दुकान खोलने के लिए बक्शीडीह जाने की बात कहकर घर से निकले थे. दोपहर में पुलिस का फोन आने पर उन्हें सदर अस्पताल बुलाया गया, जहां पहुंचने पर पति की मौत की सूचना मिली. मोली देवी ने कहा कि घटना कैसे हुई इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है.

चार माह पहले हुई थी शादी

वहीं मृतक के भाई विकास कुमार ने बताया कि देवाशीष की शादी चार माह पहले हुई थी. उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच कभी-कभी विवाद होने की बात अन्य लोगों से सुनने को मिली थी. हालांकि परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग रहते हैं और उनका व्यवसाय भी अलग है. उन्होंने बताया कि देवाशीष सुबह दुकान के लिए निकला था, लेकिन बाद में पुलिस से घटना की सूचना मिली. यहां बताया गया कि देवाशीष ने आत्महत्या की है. अब पुलिस की जांच में ही स्पष्ट होगा.

गिरिडीह-मधुपुर सवारी ट्रेन से कटकर युवक की मौत हुई है. शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है. आगे की जांच जारी है.”- श्याम किशोर महतो, थाना प्रभारी, मुफस्सिल