चेकपोस्ट तोड़ना पड़ा भारी! जेएलकेएम नेता सहित 34 लोगों पर केस दर्ज

Palamu: करीब 4:30 घंटे तक बवाल हुआ था और रोड जाम हटाया गया था. ग्रामीण नेशनल हाईवे को बंद करने की मांग कर रहे थे, क्योंकि नेशनल हाईवे और पांकी रोड एक-दूसरे को क्रॉस करते हैं और लगातार सड़क हादसे हो रहे थे. पिछले 15 दिनों में एक ही जगह पर सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है.
 

Palamu: झारखंड के पलामू जिले में पुलिस चेकपोस्ट तोड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के एक नेता समेत 34 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है. इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.

पुलिस के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए चेकपोस्ट को नुकसान पहुंचाया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की. घटना के बाद मामले की जांच शुरू की गई, जिसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई. नामजद आरोपियों में जेएलकेएम के नेता भी शामिल हैं. इन सभी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने, पुलिस चेकपोस्ट तोड़ने समेत कई गंभीर आरोप हैं.

इस संबंध में डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि पुलिस चेकपोस्ट तोड़ने के मामले में 34 नामजद और अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. दरअसल, गुरुवार को सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में नेशनल हाइवे बाईपास के पास सड़क हादसे में मजीद अंसारी नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी.

हादसे के बाद पोखराहा में ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया था और जमकर बवाल किया था. इस दौरान पुलिस की स्थायी चेकपोस्ट को तोड़ दिया गया था. बाद में सदर एसडीएम संजय पांडेय और एसडीपीओ राजेश यादव मौके पर पहुंचे थे और काफी देर तक लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया था.

करीब 4:30 घंटे तक बवाल हुआ था और रोड जाम हटाया गया था. ग्रामीण नेशनल हाईवे को बंद करने की मांग कर रहे थे, क्योंकि नेशनल हाईवे और पांकी रोड एक-दूसरे को क्रॉस करते हैं और लगातार सड़क हादसे हो रहे थे. पिछले 15 दिनों में एक ही जगह पर सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है.