गैंगस्टर प्रिंस खान की उलटी गिनती शुरू! पुलिस ऑपरेशन तेज, एसएसपी बोले– जल्द होगा बड़ा एक्शन
Dhanbad: पुलिस ने फरार कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी है. पुलिस लगातार उसके नेटवर्क को तोड़ने में जुटी है. साथ ही उसके कई करीबी सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. एसएसपी प्रभात कुमार ने साफ कहा कि उसकी गिरफ्तारी अब दूर नहीं है. जल्द ही उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा.
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने या धमकी देने वालों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को धमकी भरे कॉल या रंगदारी की मांग की जाती है, तो डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें. धनबाद पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
उन्होंने बताया कि प्रिंस खान की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं. पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण वह पहले जिस देश में शरण लिए हुए था, वहां से निकलकर अब ऐसे देश में पहुंच गया है, जहां कार्रवाई करना थोड़ा मुश्किल है. क्योंकि उस देश के साथ भारत के संबंध अच्छे नहीं हैं. इसके बावजूद प्रत्यार्पण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और इसको लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार उच्चस्तरीय बैठकें की जा रही हैं.
एसएसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक प्रिंस खान की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी संगठित गिरोह को वारदात को अंजाम देने नहीं दिया जाएगा. अगर कोई घटना होती है, तो पुलिस पहले से अधिक सख्ती से कार्रवाई करेगी. गैंग से जुड़े किसी भी व्यक्ति का नाम सामने आने पर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.