झारखंड के 48 नगर निकायों के भविष्य का आज होने जा रहा फैसला, वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से हुई शुरू
Result Day of Jharkhand Civic Election 2026: झारखंड के 48 नगर निकायों के भविष्य का फैसला आज होने जा रहा है. 23 फरवरी को हुए मतदान के बाद आज 27 फरवरी को वोटों की गिनती हो रही है. वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हुई है. इस बार ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से नगर निकाय चुनाव हुआ है. ऐसे में दोपहर तक रुझान स्पष्ट होने लगेंगे. हालांकि वोटों की गितनी एक दिन में ही पूरी होने की संभावना कम है. ऐसे में अगले दिन भी वोटों की गिनती जारी रह सकती है. अगले दिन याना 28 फरवरी को सभी सीटों के अंतिम परिणाम सामने आ जाएंगे. तब पता चल जाएगा कि इस बार जनता ने किसे अपना प्रतिनिधि चुना है.
झारखंड निकाय चुनाव में कितनी प्रतिशत वोटिंग हुई थी?
बीते सोमवार को झारखंड के 48 निकायों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा, जिसमें कुल 62 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था. वोटों की गिनती 1309 टेबलों पर होगी. हालांकि प्रत्याशियों की संख्या के आधार पर अलग-अलग नगर निकाय, नगर निगम में राउंड की संख्या अलग-अलग होगी. निर्वाचन आयोग ने वोटों की गिनती के लिए मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं. मतगणना जैसे-जैसे फाइनल होगी, प्रत्याशियों की हार जीत का भी पता चल जाएगा. दोपहर बाद शुरुआती रुझान आने लगेंगे.
बता दें, झारखंड में निकाय चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों पर नहीं लड़े जाते, लेकिन जमीन पर समीकरण पूरी तरह राजनीतिक हैं. सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व वाले महागठबंधन और मुख्य विपक्षी दल भाजपा (बीजेपी) ने अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी. दोनों ही खेमे पार्टी समर्थित प्रत्याशी की जीत के दावे कर रहे हैं.