रांची के झारखंड पुलिस मुख्यालय में गणतंत्र दिवस पर डीजीपी ने फहराया झंडा, संबोधन में साल 2025 में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता के बारे में बताया...

Ranchi: डीजीपी ने बताया कि एटीएस द्वारा कुल 30 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. जिनमें प्रतिबंधित संगठन HuT (हिज्ब उत-तहरीर) के 5 सक्रिय सदस्य शामिल हैं...
 

Ranchi: झारखंड पुलिस मुख्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर डीजीपी तदाशा मिश्रा के द्वारा तिरंगा झंडा फहराया गया. उन्होंने अपने संबोधन में राज्यवासियों, पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए झारखंड पुलिस की वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों को साझा किया.

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2025 में झारखंड पुलिस ने नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 326 नक्सलियों को गिरफ्तार किया. वहीं 38 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जबकि 32 नक्सली पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए. उन्होंने इसे राज्य को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.

संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए डीजीपी ने बताया कि एटीएस द्वारा कुल 30 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. जिनमें प्रतिबंधित संगठन HuT (हिज्ब उत-तहरीर) के 5 सक्रिय सदस्य शामिल हैं.
अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान में झारखंड पुलिस ने वर्ष 2025 के दौरान 706 कांड दर्ज करते हुए 883 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई में लगभग 58.77 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ व नकदी जब्त की गयी है.
साइबर अपराध के मोर्चे पर भी पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली. वर्ष 2025 में साइबर अपराध से जुड़े 1413 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 1268 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई. इस दौरान करीब 38.67 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज की गई तथा 1.48 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई गयी.
इतना ही नहीं प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से 140 मामलों में कार्रवाई करते हुए 642 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी संख्या में मोबाइल फोन व सिम कार्ड जब्त किए गए.
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने जन शिकायत समाधान कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय एवं सभी जिलों में आयोजित इस कार्यक्रम से आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई संभव हुई है, जिसे आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा.
अपने संबोधन के अंत में डीजीपी ने संविधान के मूल्यों के प्रति समर्पण की अपील करते हुए कहा कि झारखंड पुलिस एक सुरक्षित, अपराधमुक्त और नक्सलमुक्त राज्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है.