14 नवंबर का वो ऐतिहासिक दिन जब जनता अपने वोटों से तय करेगी, किसकी होगी जीत और किसकी होगी हार?
Jharkhand Desk: घाटशिला सीट पर कौन बाजी मारेगा इसका फैसला शुक्रवार को हो जाएगा. बीते 11 नवंबर को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने के बाद चुनाव आयोग मतगणना की तैयारी में जुटी है. मतगणना के लिए जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. यहां 15 टेबल पर 20 राउंड में कॉउटिंग होगी.
आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना वीक्षक, एक सहायक और एक ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे. पोस्टल बैलेट के द्वारा पड़े मतों की सबसे पहले कॉउटिंग की जायेगी तत्पश्चात वीवीपैट पर्चियों की गिनती भी आयोग के निर्देशानुसार की जाएगी. मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है और केवल पासधारी अधिकृत व्यक्तियों को कॉउटिंग सेंटर में प्रवेश की अनुमति होगी. कॉउटिंग की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में होगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के अनुसार मतगणना को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारी भारत निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन के अनुसार पूरी की गई है.
घाटशिला सीट को लेकर दावों का दौर जारी है. मतगणना से पहले सभी राजनीतिक दल इस उपचुनाव को जीतने का दावा कर रहे हैं. बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक को उम्मीद है कि घाटशिला की जनता राज्य सरकार की कार्यशैली से नाराज होकर इस उपचुनाव के जरिए बदला लेने का काम करेगी.
सत्तारूढ़ कांग्रेस ने बीजेपी के दावों को खारिज करते हुए घाटशिला की जनता के द्वारा दिवंगत रामदास सोरेन को इसके जरिए श्रद्धांजलि देने की उम्मीद जताया है. पार्टी के प्रदेश महासचिव और मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा है कि घाटशिला की जनता ने रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देकर इस सीट से एक बार फिर महागठबंधन के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने वाले हैं. बहरहाल दावों के बीच चुनाव परिणाम आने का काउंटडाउन शुरू हो गया है और सबकी नजरें इस सीट पर टिकी हुई हैं.