JJMP नक्सली संगठन का अब नहीं होगा नामोनिशान, 6 महीनों के अंदर 15 मुख्य कमांडरों ने हथियार डालकर किया पुलिस के सामने आत्मसमर्पण
Jharkhand Desk: सबसे खास बात यह है कि मात्र 6 महीनों के अंदर इस संगठन के 15 मुख्य कमांडरों ने हथियार डालकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.
Nov 20, 2025, 17:12 IST
Jharkhand Desk: कभी लातेहार और आसपास के पांच जिलों में आतंक का पर्याय बने जेजेएमपी (Jharkhand Jan Mukti Parishad) नक्सली संगठन का अब नामोनिशान मिट चुका है. सबसे खास बात यह है कि मात्र 6 महीनों के अंदर इस संगठन के 15 मुख्य कमांडरों ने हथियार डालकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. संगठन के सुप्रीमो से लेकर एरिया कमांडर तक सबने एक-एक करके सरेंडर का रास्ता अपनाया और JJMP पूरी तरह नेस्तनाबूद हो गया.
लातेहार में सिलसिलेवार सरेंडर मई 2025 से शुरू हुआ था, जब पुलिस ने संगठन के सुप्रीमो पप्पू लोहरा (10 लाख इनामी) और सब-जोनल कमांडर को मुठभेड़ में मार गिराया. इस झटके के बाद संगठन में भगदड़ मच गई और कमांडरों ने जान बचाने का एकमात्र रास्ता आत्मसमर्पण समझा.
6 महीने में 15 बड़े कमांडरों ने किया सरेंडर...
• 18 जून 2025: एरिया कमांडर बैजनाथ सिंह ने सरेंडर किया
• 15 जुलाई 2025: नया सुप्रीमो बने 5 लाख इनामी लवलेश गंझू ने हथियार डाले
• 18 अगस्त 2025: दो अन्य सक्रिय सदस्यों ने आत्मसमर्पण किया
• 1 सितंबर 2025: सबसे बड़ा झटका—एक साथ 9 नक्सलियों ने सामूहिक सरेंडर किया (इनमें 5 इनामी शामिल)
• 12 नवंबर 2025: बचे अंतिम दो कमांडरों ने भी पुलिस के सामने घुटने टेके
इन सरेंडर के साथ बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भी पुलिस को सौंपे गए.
“हमने नक्सलियों को पहले सुधरने का मौका दिया. जो नहीं माने, उनके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई. अब JJMP नाम की कोई संगठन नहीं बचा. गिनती के जो 2-4 लोग बचे हैं, वे या तो सरेंडर कर दें या फिर कानून अपना काम करेगा. हमारा लक्ष्य मार्च 2026 तक लातेहार को पूरी तरह नक्सल-मुक्त करना है.”- कुमार गौरव, एसपी, लातेहार
2025 में अब तक:
• 3 कुख्यात नक्सली मुठभेड़ में मारे गए
• 21 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया
• कई नक्सली सहयोगी गिरफ्तार
• लातेहार के लोगों का कहना है कि 6 महीने पहले
जिस JJMP का नाम लेते ही रात में लोग घर से निकलने से डरते थे, आज उसका नाम लेने वाला भी कोई नहीं बचा. एसपी कुमार गौरव की जीरो टॉलरेंस नीति और लगातार अभियानों ने न सिर्फ JJMP को खत्म किया, बल्कि पूरे इलाके में शांति की नई सुबह ला दी है.