झारखंड में कहीं हीटवेव तो कहीं बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया डबल अलर्ट
Jharkand Weather Update: झारखंड में मौसम ने दो अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं. एक तरफ पलामू प्रमंडल भीषण गर्मी और कातिल लू की चपेट में है, तो दूसरी ओर राज्य के कुछ जिलों में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में पारा सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया था, और आज भी स्थिति वैसी ही बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक राज्य का मौसम मुख्य रूप से शुष्क और गर्म बना रहेगा, जिससे दोपहर के समय लू (हीट वेव) का कहर जारी रहेगा.
डालटनगंज शनिवार को राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है. पलामू, गढ़वा और आसपास के इलाकों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला/
मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जरूरी काम नहीं होने पर घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और बारिश के दौरान पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है
पलामू में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान
- तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो डालटनगंज इस समय राज्य का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है, जहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. वहीं औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में पारा 43.1 डिग्री, चाईबासा में 41.8 डिग्री और बोकारो में 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. बोकारो में रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे उमस और बेचैनी वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा सरायकेला, कोडरमा और लोहरदगा में भी पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है.
इन इलाकों में बारिश का अनुमान
- एक तरफ जहां राजधानी समेत दक्षिण-मध्य हिस्से गर्मी से उबल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी झारखंड के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आगामी एक से दो दिनों के भीतर पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार समेत आसपास के जिलों में तेज हवाओं और मेघ गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है. इन इलाकों में रहने वाले लोगों को आकाशीय बिजली (वज्रपात) से सावधान रहने की चेतावनी दी गई है.
इन बातों का रखें ध्यान
- मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी है. बेहद जरूरी होने पर सिर और चेहरे को सूती कपड़े से ढककर ही बाहर निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें. फिलहाल समय पर बारिश न होने के कारण बाजारों में दोपहर के वक्त सन्नाटा पसर जाता है, जबकि राज्यभर में बिजली और पानी की डिमांड रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है.