झारखंड के 8 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Jharkhand Weather Update: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है. बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
 

Jharkhand Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर अब झारखंड में साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को रांची, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की आशंका है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में बारिश के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।

15 अगस्त को भी इन जिलों में भारी बारिश के आसार

स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

16 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग का कहना है कि 16 अगस्त तक झारखंड के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। इस दिन गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। जबकि रांची और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

खूंटी में सबसे ज्यादा 52 मिमी बारिश दर्ज

गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक 52 मिमी बारिश खूंटी में दर्ज की गई। वहीं रांची में 12 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई और देर रात तक बारिश का सिलसिला जारी रहा।

वज्रपात से महिला की मौत

बारिश के बीच लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के चीरो गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 25 वर्षीय कलतिया देवी की मौत हो गई। वह खेत में धानरोपनी का काम कर रही थीं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

अब भी सामान्य से कम है मानसूनी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं रांची में 10 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। हालांकि पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

  • खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें।
  • गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर न रहें।
  • खेतों और जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतें।
  • मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें।