राज्यभर में चोरी की वारदातों से परेशान थी पुलिस, पश्चिम बंगाल के आरोपी अलाउद्दीन की गिरफ्तारी से खुला राज

Pakud: एसपी ने मामले के उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया. गठित टीम में शामिल अधिकारियो ने छापेमारी करके पश्चिम बंगाल के मुरारोई थाना क्षेत्र के बालीआरा निवासी अलाउद्दीन शेख को हिरासत में लिया और कड़ी पूछताछ के क्रम में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
 

Pakud: पश्चिम बंगाल का एक चोर गिरोह झारखंड के पाकुड़ जिले में चोरी की घटना को अंजाम देने का काम कर रहा था और हाल में ही महेशपुर थाना क्षेत्र के दमदमा गांव स्थित एक मकान में हजारों रूपये नगद एवं जेवर समेत कई सामान की चोरी हुई थी. इस मामले में पुलिस ने कांड अंकित करते हुए चोर को धर दबोचा और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. घटना की जानकारी एसपी अनुदीप सिंह ने पत्रकार सम्मेलन कर दी.

चोरी के बाद दर्ज कराई थी शिकायत

एसपी अनुदीप सिंह ने बताया महेशपुर थाना क्षेत्र के दमदमा गांव में बीते 3 जून की देर रात्रि को रियाजुद्दीन शेख के मकान में अज्ञात अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था. चोरों ने 16 हजार 500 रूपये नगद, चांदी के कई जेवर सहित कई सामान चोरी किया था. घटना को लेकर रियाजुद्दीन शेख ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. मिली शिकायत पर पुलिस ने कांड संख्या 88/26 दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की.

पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया अलाउद्दीन शेख

एसपी ने मामले के उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया. गठित टीम में शामिल अधिकारियो ने छापेमारी करके पश्चिम बंगाल के मुरारोई थाना क्षेत्र के बालीआरा निवासी अलाउद्दीन शेख को हिरासत में लिया और कड़ी पूछताछ के क्रम में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.

पुलिस की पूछताछ में अपराधी ने बताया कि चुराए गये नगद एवं जेवर को कांसादिघी पुलिया के नीचे छुपा रखा है. पुलिस ने चोरी का सामान एवं नगद राशि को जब्त किया है और अलाउद्दीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. एसपी ने बताया अलाउद्दीन, पश्चिम बंगाल एवं झारखंड दोनों राज्यों में चोरी की घटना को अंजाम देता था और इसके खिलाफ मुरारोई थाना में 2019 में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं.

चोरी की घटनाओं को लेकर पाकुड़ पुलिस सख्त

एसपी ने आगे बताया कि पुलिस मामले की जांच जारी रखेगी. छापेमारी में एसडीपीओ के अलावा पुलिस निरीक्षक मदन शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक रवि शर्मा, अजय कुमार महतो, जगत नारायण शर्मा, अजय कुमार उपाध्याय दलबल शामिल थे. एसपी ने कहा कि जिले में हाल के कुछ दिनों में घटी चोरी की घटनाओ में शामिल लगभग सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का काम किया गया है और अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है.