बगावत की कीमत! हेमंत सोरेन से टकराव के बाद पूर्व मंत्री पर कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई...
Ranchi: झारखंड की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. पूर्व मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र साव पर कांग्रेस ने सख्त कार्रवाई की है. उन्हें संगठन के प्राथमिक सदस्यता से तीन साल के लिए निष्कासित कर दिया है. यह कदम पार्टी गाइडलाइन से हटकर बयान देने के आरोपों के बाद उठाया गया है.
अनुशासन समिति ने लिया कड़ा निर्णय
कांग्रेस की अनुशासन समिति के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने इस कार्रवाई को मंजूरी दी. बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने हाल के बयानों को गंभीरता से लेते हुए यह फैसला किया है, जिससे संगठन में अनुशासन बनाया रखा जा सके. जानकारी के मुताबिक, योगेंद्र साव बीते कुछ दिनों से लगातार पार्टी लाइन से हटकर बयान दे रहे थे. गुरुवार को उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भी बयान दिया था, जिसे पार्टी ने अनुशासनहीनता माना.
इस पूरे मामले की जानकारी झारखंड कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी गाइडलाइन का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. कांग्रेस के इस फैसले को संगठन में अनुशासन कायम रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा.