16 जुलाई से शुरू होगी रथ यात्रा, रांची में 25 जुलाई तक लागू रहेगा नया Traffic Plan, कई रूटों पर रहेगा Diversion
Ranchi: रांची में 16 जुलाई से शुरू होने वाली भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथ यात्रा और मेले को लेकर प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुचारु यातायात व्यवस्था को देखते हुए 16 से 25 जुलाई तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा.
यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि कई स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है. सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और विशेष ट्रैफिक जवानों की तैनाती भी की जाएगी. रांची ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. 25 जुलाई को रथ वापसी (बुड़ती मेला) के दिन भी यही व्यवस्था प्रभावी रहेगी.
जारी एडवाइजरी के मुताबिक, बिरसा चौक की ओर से मेला जाने वाले वाहनों के लिए शहीद मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. वहीं तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की ओर से आने वाले वाहन प्रभात तारा मैदान में पार्क किए जाएंगे. रिंग रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी निर्धारित मार्ग और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं.
ट्रैफिक पुलिस ने कुछ प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई है. तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर और प्रभात तारा तिरमुहान से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, सवारी वाहन और मोटरसाइकिलों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.
रिंग रोड जाने और शहर की ओर आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं. एचईसी और विधानसभा क्षेत्र से रिंग रोड जाने वाले वाहनों को शहीद मैदान, शालीमार बाजार, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक होकर भेजा जाएगा. वहीं रिंग रोड से शहर की ओर आने वाले वाहन वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा गोलचक्कर, चांदनी चौक, सिंह मोड़ और बिरसा चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.
इसके अलावा पुराने विधानसभा क्षेत्र की ओर से मेला आने वाले बड़े वाहनों और मिनी डोर वाहनों के लिए शहीद मैदान के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है. ट्रैफिक पुलिस ने यह भी कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से रूट डायवर्ट या वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है. आम लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें.