बरसात में बंद हो जाता था रास्ता, अब छोटकी नदी पर बनेगा 200 फीट का पुल! दर्जनों गांवों को राहत
Hazaribagh: जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए राहत की खबर है। मोक्तमा-पोखरिया पथ पर बंशीनगर के समीप छोटकी नदी पर करीब 200 फीट लंबे पुल का निर्माण कराया जाएगा। पुल बनने के बाद इचाक डाढ़ा (वाया दरिया) और इचाक-बरकट्ठा (वाया करियातपुर) मार्ग के बीच करीब पांच किलोमीटर का संपर्क पथ जुड़ जाएगा।
इस पुल के निर्माण से इचाक प्रखंड की डाढ़ा, दरिया और डाड़ीघाघर पंचायत के दर्जनों गांवों का संपर्क मोक्तमा, देवकुली, फुरुका, मांगुरा, जमुआरी सहित अन्य गांवों से बेहतर होगा। इसके साथ ही ग्रामीणों के लिए करियातपुर, झुमरा और टाटीझरिया बाजार तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।
दर्जनों गांवों को मिलेगा सीधा और सुगम रास्ता
पुल बनने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को प्रखंड और जिला मुख्यालय तक आने-जाने के लिए एक नया और सुगम मार्ग मिलेगा। वहीं किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में भी काफी सुविधा होने की उम्मीद है।
मोक्तमा, करियातपुर, मांगुरा और फुरुका समेत आसपास के गांवों के लोगों के लिए भी सुदूरवर्ती पंचायतों के गांवों से होते हुए बभनी बांका और बरकट्ठा की ओर जाना आसान हो जाएगा।
बारिश में लगभग बंद हो जाता है मार्ग
फिलहाल सड़क की जर्जर स्थिति और छोटकी नदी पर पुल नहीं होने के कारण बारिश के मौसम में यह मार्ग लगभग बंद हो जाता है। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
ऐसी स्थिति में सुदूरवर्ती पंचायतों के लोगों को दरिया-चंदा मार्ग से आवागमन करना पड़ता है, जिससे उन्हें करीब चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पुल बनने के बाद इस अतिरिक्त दूरी और बरसात में होने वाली परेशानी से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों की मांग पर आगे बढ़ी योजना
ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से मोक्तमा-पोखरिया संपर्क पथ के समुचित निर्माण और छोटकी नदी पर पुल की मांग की जा रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुल की सुविधा नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को वर्षों से परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण सीताराम कुशवाहा, मनोज कुशवाहा, कुंवर अजय सिंह, संदीप कुमार, विकास कुमार और अशोक राम समेत अन्य लोगों ने मांगुरा पंचायत की मुखिया मीना देवी से नदी पर पुल निर्माण और सड़क की मरम्मत की मांग की थी।
ग्रामीणों के आग्रह पर मुखिया मीना देवी ने योजना को ग्राम सभा से पारित कराया और हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद उपायुक्त ने मामले पर संज्ञान लेते हुए विशेष प्रमंडल, हजारीबाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
अभियंताओं ने किया स्थल निरीक्षण
उपायुक्त के निर्देश के बाद 5 और 7 सितंबर को सहायक अभियंता नमिश कुमार और कनीय अभियंता हाशिम अंसारी ने बंशीनगर स्थित छोटकी नदी का स्थल निरीक्षण किया।
अभियंताओं ने प्रस्तावित पुल के निर्माण को लेकर स्थल की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही पुल के प्रारूप और प्राक्कलन तैयार करने के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई गई।
पुल निर्माण और सड़क के सुदृढ़ीकरण की पहल से ग्रामीणों में खुशी है। लोगों को उम्मीद है कि पुल बनने के बाद न केवल बरसात में आवागमन की समस्या दूर होगी, बल्कि क्षेत्र में कृषि, व्यापार और विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी।