होली बाद बढ़ेगी तपिश, झारखंड के इस जिले में तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड..आने वाले दिनों में स्थिति और विकराल?
Ranchi: ठंड के विदा होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. राज्य में समय से पहले गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग (IMD) के ताजा आंकड़ों और हालिया रुझानों के अनुसार, इस साल झारखंडवासियों को सामान्य से 30 दिन ज्यादा गर्मी का सामना करना पड़ेगा. फरवरी के उत्तरार्ध में ही राज्य के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि आने वाले दिनों में स्थिति और विकराल होने वाली है.
रांची मौसम केंद्र की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के अधिकतर हिस्सों में दिन के तापमान के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जबकि बीते 24 घंटों में कहीं भी बारिश नहीं हुई है.
राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 3.7 डिग्री ज्यादा है. औद्योगिक शहर जमशेदपुर में गर्मी का असर ज्यादा दिखा, जहां अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पलामू क्षेत्र के डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी ऊपर है. बोकारो में पारा 34 डिग्री के पार रहा, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया गया.
सरायकेला सबसे ज्यादा गर्म
राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान हजारीबाग में 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के अनुसार पूरे राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश नहीं हुई है.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम केंद्र के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है. दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रह सकती है और रातें भी अपेक्षाकृत गर्म रहेंगी. हालांकि सुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस हो सकती है. फिलहाल राज्य में बारिश या किसी बड़े मौसम परिवर्तन के संकेत नहीं हैं, ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.