झारखंड का मौसम अजब गजब..कहीं तपिश तो कहीं ठंड, 7-10 मार्च तक विभिन्न क्षेत्रों में गरज के साथ हो सकती है बारिश
Jharkhand Weather Update: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा. मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं. वहीं, 7 मार्च शनिवार से 10 मार्च मंगलवार तक राज्य में मौसम बदलेगा और मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
7 और 8 मार्च को दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
वहीं, 9 और 10 मार्च को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में कहीं-कहीं पर आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है। 11 मार्च से मौसम साफ होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 3 दिनों में इसमें धीरे-धीरे (2-3) डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है.
इधर, पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा. सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया.