झारखंड शिक्षा सेवा में पदस्थापन को लेकर मचा घमासान, वरिष्ठता की अनदेखी से अधिकारी नाराज
झारखंड शिक्षा सेवा में हाल ही में हुए पदस्थापनों को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE), अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी (SDEO) और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) जैसे अहम पदों पर की गई नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर अनियमितता के आरोप लगाए जा रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि पदस्थापन में वरिष्ठता क्रम की खुलेआम अनदेखी की गई है, जिसके चलते कई वरिष्ठ अधिकारियों को अपने कनिष्ठ अधिकारियों के अधीन कार्य करना पड़ रहा है। उदाहरणस्वरूप, जामताड़ा में सातवें बैच के सुरेश महतो SDEO के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनसे कनिष्ठ विकेश प्रजापति को DSE पद पर नियुक्त किया गया है। इसी तरह, कोडरमा में कंचन कुमारी BEO हैं, जबकि उनसे जूनियर अविनाश राम को DEO पद की जिम्मेदारी दे दी गई है।
छठे बैच के अधिकारी पीछे, सातवें बैच के अधिकारी आगे
राज्य में JPSC द्वारा चयनित शिक्षा सेवा के छठे और सातवें बैच के अधिकारी कार्यरत हैं। सामान्य नियमों के तहत वरिष्ठता के आधार पर पदस्थापन किया जाना चाहिए, मगर वर्तमान परिदृश्य में कई वरिष्ठ, यानी छठे बैच के अधिकारी कम अहम पदों पर हैं, जबकि सातवें बैच के कनिष्ठ अधिकारी ऊंचे पदों पर बैठाए गए हैं।
स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि कई वरिष्ठ अधिकारी अब अपने कनिष्ठों द्वारा संचालित बैठकों में शिरकत कर रहे हैं और उनके निर्देशों का पालन भी कर रहे हैं। यह प्रशासनिक मर्यादा और पदानुक्रम के सिद्धांतों के विरुद्ध माना जा रहा है।
अधिकारियों में उभरा असंतोष, सौंपेंगे ज्ञापन
इस असंतुलन और पदस्थापन में पारदर्शिता की कमी को लेकर अधिकारियों ने एक आपात बैठक की है। इसमें तय किया गया कि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव और शिक्षा सचिव को ज्ञापन सौंपकर वरीयता सूची को सार्वजनिक करने और उसी आधार पर पारदर्शी पदस्थापन की मांग की जाएगी।
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक अधिकारियों की स्पष्ट कोटि क्रमांक आधारित वरीयता सूची तैयार नहीं की गई है, जिससे नियुक्तियों में भ्रम और असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
छठे बैच के अधिकारी, जिन्हें किया गया नजरअंदाज:
- मुकुल राज – DSE, गिरिडीह
- दीपक राम – DSE, सिमडेगा
- अभय शील – DSE, खूंटी
- नयन कुमार – DSE, पाकुड़
- आशीष हेंब्रम – DSE, दुमका
- संजीत कुमार – DSE, रामगढ़
- आकाश कुमार – DSE, हजारीबाग
- राजेश पासवान – BEO, पश्चिमी सिंहभूम
सातवें बैच के कनिष्ठ अधिकारी, जो उच्च पदों पर हैं:
- सौरभ प्रकाश – DEO, पलामू
- कैसर रजा – DEO, गढ़वा
- अभिषेक झा – DEO, धनबाद
- अविनाश राम – DEO, कोडरमा
- कंचन कुमारी – BEO, कोडरमा
- सुरेश महतो – SDEO, जामताड़ा
- विकेश कुणाल प्रजापति – DSE, जामताड़ा