3 MM की बची थी गर्भाशय की दीवार, डॉक्टर ने कर दिखाया चमत्कार!

रांची में डॉ. अपेक्षा साहू ने एक बेहद जटिल गर्भावस्था के मामले में 32 वर्षीय महिला का गर्भाशय निकालने से बचा लिया. महिला की दो बार सिजेरियन डिलीवरी हो चुकी थी और इस बार पुराने ऑपरेशन के निशान पर गर्भ विकसित होने के साथ प्लेसेंटा एक्रीटा की जटिलता भी थी. गर्भाशय की दीवार महज 3 मिलीमीटर बची थी. डॉ. साहू ने अल्ट्रासाउंड गाइडेड सक्शन इवैक्यूएशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। प्रक्रिया के दौरान कोई तत्काल जटिलता नहीं हुई और गर्भाशय सुरक्षित रहा.
 

Ranchi: चिकित्सा क्षेत्र में रांची से एक राहत भरी खबर सामने आयी है। यहां डॉ. अपेक्षा साहू ने बेहद जोखिमपूर्ण गर्भावस्था के मामले में महिला का गर्भाशय निकालने की नौबत आने से बचा लिया। 32 वर्षीय महिला के गर्भ में पुराने सिजेरियन ऑपरेशन के निशान पर ही गर्भ विकसित हो रहा था। इसके साथ प्लेसेंटा एक्रीटा जैसी गंभीर जटिलता भी थी। गर्भाशय की मांसपेशियों की मोटाई महज 3 मिलीमीटर बची थी। ऐसे में अत्यधिक रक्तस्राव का खतरा था और कई डॉक्टरों ने गर्भाशय निकालने की सलाह दी थी।

दो बार सिजेरियन के बाद गर्भावस्था बनी चुनौती

महिला पहले दो बार सिजेरियन डिलीवरी करा चुकी थी। करीब आठ सप्ताह की गर्भावस्था में वह दूसरी चिकित्सकीय राय लेने डॉ. अपेक्षा साहू के पास पहुंची। जांच में पता चला कि गर्भ पुराने सिजेरियन के निशान पर विकसित हो रहा है। इस स्थिति को सीजेरियन स्कार एक्टोपिक प्रेग्नेंसी कहा जाता है। साथ ही प्लेसेंटा के गर्भाशय की दीवार से असामान्य रूप से चिपके होने की जटिलता भी सामने आयी।

महज 3 मिलीमीटर बची थी गर्भाशय की दीवार

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गर्भाशय की मांसपेशियों की बची हुई दीवार सिर्फ 3 मिलीमीटर मोटी थी। ऐसी स्थिति में अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर जटिलताओं का खतरा रहता है। मरीज की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपचार की रणनीति बनाना बेहद चुनौतीपूर्ण था।

अल्ट्रासाउंड गाइडेड प्रक्रिया से मिली सफलता

डॉ. अपेक्षा साहू ने विस्तृत जांच और जोखिमों के आकलन के बाद अल्ट्रासाउंड गाइडेड सक्शन इवैक्यूएशन की प्रक्रिया की। यह प्रक्रिया बिना किसी तत्काल जटिलता के पूरी हुई। इस तरह महिला का गर्भाशय निकालने की जरूरत नहीं पड़ी।

डॉ. अपेक्षा साहू ने क्या कहा?

डॉ. अपेक्षा साहू के मुताबिक, सीजेरियन स्कार एक्टोपिक प्रेग्नेंसी और प्लेसेंटा एक्रीटा का एक साथ होना बेहद जोखिमपूर्ण स्थिति है। ऐसे मामलों में हर मरीज की स्थिति का अलग-अलग आकलन जरूरी है। उचित परिस्थितियों में गर्भाशय को सुरक्षित रखने का विकल्प अपनाया जा सकता है, लेकिन मरीज की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण होती है।

रांची का यह मामला जटिल गर्भावस्था के उपचार में गर्भाशय संरक्षण की एक महत्वपूर्ण मिसाल के रूप में सामने आया है।