घर-घर भीख मांगकर करती थीं निगरानी, फिर उड़ाती थीं जेवर और नकदी..दो महिलाएं गिरफ्तार
Pakur: झारखंड के पाकुड़ जिले में पुलिस ने भीख मांगने के बहाने घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले महिला गैंग का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.
जानकारी के अनुसार, यह महिला गैंग शहर और आसपास के इलाकों में घर-घर जाकर भीख मांगने के बहाने लोगों की गतिविधियों पर नजर रखता था. मौका मिलते ही घरों से नकदी, जेवर और कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था. हाल के दिनों में जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज की थी.
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जांच में कई चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया है. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और अनजान लोगों को घर में प्रवेश नहीं देने की अपील की है. साथ ही कहा गया है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें. जिले में इस तरह के गैंग पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह बैंक कॉलोनी स्थित कंचन कुमारी के मकान में दो महिला भीख मांगने के बहाने पहुंची और मकान में घुसकर कर पर्स में रखा 7 हजार रुपये लेकर भागने लगी. जब कंचन कुमारी अपने कमरे से बाहर निकली तो पर्स गिरा पाया. घटना के बाद मौके पर आसपास लोग जुट गये और एक महिला व उसके साथ एक युवती को धर दबोचा. इस दौरान उसकी बैग की तलाशी ली गयी तो चोरी की राशि बरामद हुई.
स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी नगर थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ पहुंचे और दोनों को हिरासत में ले लिया. पुलिस पदाधिकारी चुंडा हांसदा ने बताया कि चोरी की घटना को अंजाम देने में शामिल एक महिला व युवती को हिरासत में लिया गया है. थाने में पूछताछ की जाएगी और लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि महिलाओं का एक गैंग शहरी क्षेत्र में घूम रहा है और भीख मांगने के बहाने घरों में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देने का काम किया जा रहा है. वहीं, नगर थाना क्षेत्र के बलियाडांगा, नामूपाड़ा, पुलिस केंद्र के निकट स्थित कई मकान में लगातार घट रही चोरी की घटना को लेकर पुलिस पर लोग अब सवाल उठाने लगे हैं. लोगो का कहना है कि पुलिस गश्ती पर ध्यान नहीं देती है. इसलिए चोरों का मनोबल बढ़ गया है और बेखौफ होकर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं.