नगर निकाय चुनाव में इस बार लोहरदगा ट्रैफिक जाम, साफ-सफाई और पेयजल को लेकर करेगी काम, इस बार चुनावी मुद्दे है साफ...
Lohardaga: जिला प्रशासन ने लोहरदगा में नगर परिषद चुनाव को लेकर 46 मतदान केंद्र निर्धारित किए हैं. जहां कुल 43070 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे...
Feb 2, 2026, 15:38 IST
Lohardaga: नगर परिषद चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो चुकी है. एक जुलाई 1888 में गठित लोहरदगा नगर पालिका वर्तमान में नगर परिषद है. 23 वार्ड वाले नगर परिषद में चुनाव को लेकर प्रत्याशियों में सरगर्मी तेज हो गई है.
महत्वपूर्ण बात यह है कि जन समस्याओं से जूझ रहे लोहरदगा में इस बार भी विकास एक प्रमुख चुनावी मुद्दा होगा. चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी अपने-अपने दावे तो रहे हैं, लेकिन जनता के सवालों से उन्हें दो चार होना पड़ सकता है.
लोहरदगा नगर पालिका झारखंड के सबसे पुराने नगर पालिकाओं में से एक है. 138 साल पुराने नगर पालिका की शुरुआत महज चार वार्ड से हुई थी. लेकिन आज यह 23 वार्डों तक फैल चुकी है. लोहरदगा वर्तमान में नगर परिषद है. यहां पर गुजरते साल के बीच आबादी भी बढ़ी है और जन समस्याएं भी.
साथ ही शहर के विकास को लेकर लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ चुकी हैं. लोहरदगा शहर में बाइपास सड़क का निर्माण तो किया जा रहा है, लेकिन इसकी गति अभी भी काफी धीमी है.
शहर के लोग सड़क जाम की समस्या से जूझ रहे हैं. साफ-सफाई भी एक प्रमुख समस्या है. इसके अलावे शहर में बस स्टैंड, बेहतर पार्क, पेयजल की समस्या भी प्रमुख मुद्दों में शामिल है. चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचने भी लगे हैं.
महत्वपूर्ण बात यह है कि इस बार चुनाव में स्थानीय मुद्दे ही ज्यादा हावी रहेंगे. चुनाव में इस बार युवा चेहरे ज्यादा नजर आ रहे हैं. हालांकि पहले भी नगर परिषद का हिस्सा रहे कई प्रतिनिधि फिर एक बार चुनावी मैदान में उतरे हैं.
पूर्व में पार्षद रहे प्रत्याशियों को जनता के उन सवालों का जवाब देना होगा, जो अब तक अधूरे रह गए हैं. बाइपास सड़क का निर्माण पूरा नहीं होने से यहां पर सड़क जाम एक प्रमुख समस्या में शामिल है. पेयजल की समस्या भी गंभीर है. लोहरदगा शहर में लगभग 5000 जलापूर्ति कनेक्शन हैं.
जिसमें से महज 3000 वैध हैं. जबकि शेष अवैध कनेक्शनधारी हैं. नई शहरी जलापूर्ति का काम वर्ल्ड बैंक की सहायता से शुरू तो हो गया है, लेकिन इसकी गति भी धीमी नजर आ रही है.
जिला प्रशासन ने लोहरदगा में नगर परिषद चुनाव को लेकर 46 मतदान केंद्र निर्धारित किए हैं. जहां कुल 43070 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. जिसमें 21027 पुरुष और 22043 महिला मतदाता हैं.
जिला प्रशासन के आंकड़े के अनुसार 46 मतदान केंद्रों में से 31 मतदान केंद्र संवेदनशील और 15 मतदान केंद्र अति संवेदनशील है. जिला प्रशासन के पास इस बार 110 मतपेटियां चुनाव को लेकर उपलब्ध हैं.