स्वर्णरेखा घाट पर भक्तों के लिए बड़ी सुविधा, 100 बेड के आश्रयगृह से हजारों श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
Ranchi: भगवान भोलेनाथ के श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने स्वर्णरेखा घाट पर 100 बेड क्षमता वाले आधुनिक आश्रयगृह के निर्माण को मंजूरी दे दी है. इस परियोजना का उद्देश्य श्रावणी मेला और अन्य धार्मिक अवसरों पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराना है.
प्रस्तावित आश्रयगृह में श्रद्धालुओं के लिए 100 बेड, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्नानघर, विश्राम कक्ष, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इससे बड़ी संख्या में आने वाले कांवड़ियों और भक्तों को काफी राहत मिलेगी.
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्वर्णरेखा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद श्रावणी मेला सहित वर्षभर आने वाले श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकेंगे.
प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगामी धार्मिक आयोजनों से पहले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सके. स्थानीय लोगों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे श्रद्धालुओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है.