जामताड़ा सिविल कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी, TN के संगठन के नाम से आया मेल

Jamtara: कोर्ट परिसर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई. मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) नीतीश कुमार सांगा ने स्वयं कोर्ट और अधिवक्ता परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान हेड क्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. 
 

Jamtara: जामताड़ा जिला न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया जब एक ईमेल के जरिए कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी दी गई. धमकी कथित तौर पर तमिलनाडु के एक संगठन के नाम से भेजी गई है. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में तुरंत सतर्कता बढ़ा दी गई. धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ‘अलर्ट मोड’ में आ गया और सुरक्षा के मद्देनजर सिविल कोर्ट की पूरी घेराबंदी कर दी गई.

कोर्ट परिसर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई. मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) नीतीश कुमार सांगा ने स्वयं कोर्ट और अधिवक्ता परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान हेड क्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. 

जांच को प्रभावी बनाने के लिए डॉग स्क्वायड (Dog Squad) की टीम को बुलाया गया. टीम ने कोर्ट परिसर के सभी कमरों, गलियारों और संदिग्ध कोनों की सघन तलाशी ली. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ईमेल के स्रोत और उसकी सत्यता की तकनीकी जांच कर रहे हैं. 

फिलहाल कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है और साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है. स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा में कोई ढील नहीं बरती जा रही है.