झारखंड की तीन बेटियां करेंगी देश का प्रतिनिधित्व, जूनियर महिला हॉकी टीम में मिली जगह

Ranchi: झारखंड लंबे समय से भारतीय हॉकी को बेहतरीन खिलाड़ी देता रहा है. तीन खिलाड़ियों के एक साथ राष्ट्रीय जूनियर टीम में चयन से राज्य की हॉकी प्रतिभा एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर साबित हुई है. खिलाड़ियों के चयन से उनके परिवारों, कोचों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है.
 

Ranchi: झारखंड के लिए गर्व की खबर है. भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में राज्य की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ है. ये खिलाड़ी आगामी इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. इस दौरे के दौरान भारतीय टीम कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी, जो खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अनुभव साबित होंगे. राजधानी रांची के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू हॉकी सेंटर की तीन होनहार खिलाड़ी बिनीमा धान, पार्वती टोप्पो और रोशनी आइंद का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है. तीनों खिलाड़ी 5 से 14 जुलाई तक होने वाले इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी.

इस दौरान भारतीय जूनियर महिला टीम सात अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी. बरियातू हॉकी सेंटर लंबे समय से झारखंड में महिला हॉकी प्रतिभाओं को निखारने का प्रमुख केंद्र रहा है. यहां से निकलने वाली कई खिलाड़ी पहले भी भारतीय टीम का हिस्सा बन चुकी हैं. अब एक साथ तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय जूनियर टीम में चयन इस सेंटर की मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है.

इस दौरे में भारतीय टीम को यूरोपीय टीमों के खिलाफ खेलने का अवसर मिलेगा. विदेशी परिस्थितियों में मिलने वाला यह अनुभव खिलाड़ियों के खेल और आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देगा. झारखंड की इन तीनों खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि, यह झारखंड के लिए गर्व का क्षण है. बरियातू हॉकी सेंटर लगातार राष्ट्रीय टीम को खिलाड़ी दे रहा है, जो राज्य में जमीनी स्तर पर हो रहे अच्छे प्रशिक्षण का प्रमाण है. हमें विश्वास है कि बिनीमा, पार्वती और रोशनी भारतीय टीम के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी और झारखंड का नाम रोशन करेंगी.

वहीं, बरियातू हॉकी सेंटर की कोच करुणा पूर्ति ने कहा, कि तीनों खिलाड़ियों ने चयन तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की है. उन्होंने नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. विदेशी दौरा उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा. मुझे पूरा भरोसा है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएंगी और भारतीय टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाएंगी.

लगातार राष्ट्रीय टीम में खिलाड़ियों का चयन यह कहता है कि झारखंड, विशेषकर बरियातू हॉकी सेंटर, महिला हॉकी की नई प्रतिभाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. तीनों खिलाड़ियों के चयन से राज्य के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है.