झारखंड के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, 50 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं, तापमान में आएगी गिरावट...
Jharkhand Weather Update: झारखंड में लंबे समय से जारी भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है. राज्य में मौसम का मिज़ाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.
मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, चाईबासा और पलामू समेत कई जिलों में मौसम तेजी से बदल सकता है. इन इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.
अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. मौसम केंद्र के अनुसार, 2 मई तक झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है, साथ ही तेज हवाएं भी चलने की संभावना है. मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम में इस बदलाव के चलते 27 अप्रैल से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान है.
अलग-अलग जिलों में तापमान का उतार-चढ़ाव, पलामू सबसे गर्म
रविवार को रांची का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया. हालांकि राज्य के 10 जिलों में राजधानी से कम तापमान रहा. पलामू का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सरायकेला में 42.5, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं बोकारो का तापमान 35.2 और जमशेदपुर का 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा और संताल परगना के जिलों में तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया.
कई जिलों में तेज हवाएं और वज्रपात
27 अप्रैल को संताल परगना के साथ रांची, बोकारो और हजारीबाग में ओलावृष्टि, मेघ गर्जन के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना है. 28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान के इलाकों में भी गर्जन के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और वज्रपात का भी अनुमान है. 30 अप्रैल को पूरे झारखंड में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है. साथ ही 1 और 2 मई को भी पूरे झारखंड में गर्जन के साथ हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी.