राज्य में बकरीद को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात

 
राज्य में बकरीद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात
बकरीद के त्योहार पर झारखंड में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। गिरिडीह, हजारीबाग, पलामू, जमशेदपुर और रांची जैसे संवेदनशील जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिला एसपी को संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां बलों की तैनाती करने का आदेश दिया गया है। राजधानी रांची, जमशेदपुर, गिरिडीह और हजारीबाग में पहले से ही अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। 16 जून से 18 जून तक जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेंगे।
राज्य पुलिस मुख्यालय ने एसपी को ऐसे लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया है जो पहले धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने में शामिल रहे हैं और उन पर मामले भी दर्ज हैं। जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है। एसपी को शांति समिति से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने और स्थानीय थाना प्रभारियों को भी थाने की शांति समिति के सदस्यों के संपर्क में रहने का आदेश दिया गया है।
रांची रेंज के डीआईजी अनूप बिरथरे ने बताया कि रांची रेंज के जिलों रांची, सिमडेगा, खूंटी, गुमला और लोहरदगा में 16 जून से अतिरिक्त बल तैनात रहेंगे, जो 18 जून तक सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। रांची के सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि सभी संवेदनशील जगहों पर रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई है। झारखंड पुलिस के रैप, जैप, आईआरबी के जवान भी राजधानी में तैनात हैं। क्विक रिस्पांस टीम को अलर्ट पर रखा गया है ताकि आपातकालीन स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
बताते चलें कि, रांची में 70 जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और इनकी निगरानी के लिए 50 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। रांची एसएसपी ने आदेश दिया है कि अगर कोई शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। सभी थाना प्रभारियों को अपने इलाकों में भ्रमणशील रहने का आदेश दिया गया है।