ट्रैफिक पुलिस की चेतावनी: फर्जी, बदली या छुपी नंबर प्लेट पर सीधी जेल की कार्रवाई, नियम मानें, वरना जुर्माना और जेल तय...
Ranchi: राजधानी में नंबर प्लेट में टेंपरिंग के मामले पहले केवल ऑनलाइन चालान से बचने के लिए सामने आते थे. लेकिन अब अपराधी भी पुलिस के कैमरों की नजर से बचने के लिए अपने वाहनों के नंबर प्लेट में छेड़छाड़ कर रहे हैं. लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद अब इन तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है.
राजधानी रांची में हाल के दिनों में पेट्रोल पंपों पर लूट की कई वारदातें सामने आई हैं. रांची के पुनदाग, खेलगांव और टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में पिछले 10 दिनों के भीतर चार पेट्रोल पंपों से डकैती के मामले दर्ज हो चुके हैं. फिलहाल पुलिस इनमें से किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है. जांच में सामने आया है कि डकैती करने वाले अपराधियों ने जिस बाइक का इस्तेमाल किया था, उसके नंबर प्लेट में छेड़छाड़ की गई थी. कुछ मामलों में तो वाहनों पर नंबर प्लेट लगे ही नहीं थे.
इसी वजह से सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की बाइक का नंबर चिन्हित नहीं किया जा सका. बता दें कि पहले दर्जनों ऐसे मामले सामने आए थे, जिनमें लोग ऑनलाइन चालान से बचने के लिए अपनी बाइक या कार के नंबर प्लेट में टेंपरिंग किया करते थे. लेकिन अब अपराधी भी इसी तरीके का इस्तेमाल करने लगे हैं, जो पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है.
मामले पर ट्रैफिक एसपी ने कहा कि पुलिस इस मुद्दे पर गंभीर है. नंबर प्लेट टेंपरिंग के मामलों में बीते 2-3 महीनों में 10 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं. 4 लोगों को जेल भेजा गया है और करीब 50 गाड़ियों को सीज कर कोर्ट प्रॉसिक्यूशन के लिए भेजा गया है. सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे वाहनों को पकड़कर तुरंत कोर्ट प्रॉसिक्यूशन के लिए भेजा जाए.
“ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट में छेड़छाड़ न करें. ऐसा करने पर क्रिमिनल ऑफेंस के तहत कार्रवाई होती है, जिसमें आरोपी बड़े कानूनी पचड़े में फंस सकता है.”- राकेश सिंह, ट्रैफिक एसपी
हर दिन अभियान चलाने के निर्देश
रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि प्रायः शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ वाहन मालिक अपने वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट पर छेड़छाड़ कर रहे हैं. सूचना मिलते ही राजधानी के सभी चौक-चौराहों पर ऐसे चालकों के खिलाफ वृहद अभियान शुरू कर दिया गया है.
आम लोग क्यों कर रहे नंबर प्लेट पर छेड़छाड़?
रांची के लगभग सभी चौक-चौराहों पर अब ट्रैफिक पुलिस खुद चालान नहीं काट रही, बल्कि कैमरे स्वचालित रूप से चालान काट रहे हैं. जैसे ही कोई ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करता है, तुरंत उसका चालान कट जाता है. चालान से बचने के लिए कुछ लोग नंबर प्लेट पर बैंडेज चिपका देते हैं तो कुछ ड्राइविंग के दौरान नंबर प्लेट पर कपड़ा डाल देते हैं, ताकि पूरा नंबर कैमरे में न आए. लेकिन अब यही तरीका अपराधी भी अपनाने लगे हैं, जिससे पुलिस को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है.