दर्दनाक हादसा: एक जिंदगी बचाने की कोशिश..नियति ने ले ली 7 लोगों की जान, रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस क्रैश, कौन-कौन थे सवार?

Ranchi-Delhi Air Ambulance Crash: झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस की दुखद दुर्घटना ने न केवल 7 जिंदगियां छीन लीं, बल्कि एक परिवार की आखिरी उम्मीद को भी चकनाचूर कर दिया. लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार पिछले 6-7 दिनों से रांची के देवकमल हॉस्पिटल में 65% जलने की गंभीर चोटों से जूझ रहे थे. 
 
Ranchi-Delhi Air Ambulance Crash: झारखंड के चतरा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार देर शाम चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ स्थित घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस भीषण हादसे में विमान पर सवार मरीज, उनके दो परिजनों, दो पायलट, एक डॉक्टर और एक नर्स समेत सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

किस कंपनी का था एयर एंबुलेंस विमान?

जानकारी के अनुसार, रेड बर्ड एविएशन का बीचक्राफ्ट C-90 विमान रांची के देवकमल हॉस्पिटल में भर्ती 41 वर्षीय मरीज संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहा था. संजय कुमार बर्न इंजरी (आग से झुलसने) के कारण गंभीर स्थिति में थे. विमान ने रांची एयरपोर्ट से सोमवार शाम 7:11 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के महज 23 मिनट बाद ही यह हादसे का शिकार हो गया. 

क्रैश से पहले कोलकाता एटीसी से किया था संपर्क

डीजीसीए की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, उड़ान भरने के बाद विमान ने कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया था. खराब मौसम की वजह से पायलटों ने मार्ग बदलने का अनुरोध किया था. हालांकि, शाम 7:34 बजे कोलकाता से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में विमान का संचार और रडार संपर्क अचानक टूट गया. विमान की अंतिम लोकेशन चतरा जिले की कसरिया पंचायत के पास दर्ज की गई थी.

सर्च अभियान के बाद 7 शव बरामद

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने करमाटांड़ के जंगलों की ओर से एक कान फोड़ देने वाली आवाज सुनी और धुएं का गुबार उठते देखा. सूचना मिलते ही चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. और एसपी के निर्देश पर पुलिस बल और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं. एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल ने पुष्टि की है कि तलाशी अभियान के बाद दुर्घटनास्थल से सभी सात शव बरामद कर लिए गए हैं.

चतरा एयर एंबुलेंस हादसे में किस-किस की हुई मौत?

प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार, विमान में सवार निम्नलिखित सात लोगों की मौत हुई है-
  1. कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट)
  2. कैप्टन सबराजदीप सिंह (को-पायलट)
  3. संजय कुमार (मरीज)
  4. अर्चना देवी (मरीज की परिजन)
  5. ध्रुव कुमार (मरीज के परिजन)
  6. डॉ. विकास कुमार गुप्ता (चिकित्सक)
  7. सचिन कुमार मिश्रा (नर्स)
 

 

विमान हादसे का कारण क्या?

विमान हादसे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्राथमिक तौर पर खराब मौसम को मुख्य वजह माना जा रहा है. विमानन नियामक डीजीसीए और इमरजेंसी डेटा सेंट्रलाइज्ड एक्शन प्लान पूरे घटनाक्रम की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं.