रांची से जमशेदपुर के बीच चलेंगी फ्लैश चार्जिंग बस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने की मुलाकात

 

नई दिल्ली में आज रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने रांची में एलिवेटेड कॉरिडोर के शुभारंभ के लिए उनका आभार व्यक्त किया और राजधानी रांची के विकास से जुड़ी तीन अहम मांगों को लेकर उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा।

संजय सेठ ने रांची में फ्लैश चार्जिंग बस सेवा शुरू करने, आउटर रिंग रोड परियोजना को गति देने और एलिवेटेड कॉरिडोर को पारंपरिक सोहराय पेंटिंग से सजाने का आग्रह किया। मंत्री गडकरी ने इन सभी प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिए हैं।

रांची को मिलने जा रही है अत्याधुनिक फ्लैश चार्जिंग बस सेवा
रक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि रांची से जमशेदपुर और रांची शहर के भीतर चलने वाली अत्याधुनिक फ्लैश चार्जिंग बसों की शुरुआत को लेकर डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इन बसों की खासियत यह होगी कि मात्र 15 सेकंड की चार्जिंग पर ये 40 किलोमीटर तक चल सकेंगी। प्रत्येक बस में 135 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी, जिसमें दिव्यांगजनों के लिए अलग से सीट आरक्षित रहेगी और यात्रियों के लिए चाय-कॉफी का अलग काउंटर भी होगा।

नागपुर के बाद रांची देश का दूसरा शहर बनेगा जहां यह अत्याधुनिक तकनीक आधारित बस सेवा शुरू की जाएगी। नागपुर के लिए टाटा कंपनी को पहले ही ऑर्डर मिल चुका है।

एलिवेटेड कॉरिडोर पर झलकेंगी झारखंड की सांस्कृतिक परंपराएं
संजय सेठ ने एलिवेटेड कॉरिडोर को सोहराय पेंटिंग और झारखंड की पारंपरिक कलाओं से सजाने का आग्रह किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री गडकरी ने तुरंत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देश जारी कर दिए हैं। बहुत जल्द रातू रोड पर बना एलिवेटेड कॉरिडोर जल, जंगल और जमीन की झलक के साथ राज्य की सांस्कृतिक पहचान को उकेरेगा।

आउटर रिंग रोड को भी मिली मंजूरी, बनेगा विस्तृत प्रोजेक्ट प्लान
रांची के चारों ओर बनने वाले आउटर रिंग रोड को लेकर भी संजय सेठ ने विस्तार से चर्चा की। इस परियोजना के डीपीआर के लिए ₹6500 करोड़ की लागत का अनुमान लगाया गया है। नितिन गडकरी ने इस प्रस्ताव को भी सैद्धांतिक मंजूरी देते हुए एनएचएआई को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

तीनों प्रस्तावों को लेकर त्वरित प्रतिक्रिया मिलने के बाद संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में रांची अब तेजी से विकसित हो रहा है। यह केंद्र सरकार की झारखंड के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर रांची को नई पहचान मिलेगी और यह शहर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री के प्रति रांचीवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।