झारखंड में मौसम का यू-टर्न! सुबह-शाम ठंडी हवा, दोपहर में झुलसाती धूप- रांची से जमशेदपुर तक बदला मिजाज
रातें हो रहीं नरम, चादर भी पड़े कम
पिछले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में साफ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले पारा 14 डिग्री तक पहुंच गया था, अब ज्यादातर जिलों में यह 15-16 डिग्री के बीच है। कई जगहों पर 17 से 18 डिग्री तक न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है। ऐसे में रात में हल्की ठंड का असर कम होता दिख रहा है।
दिन में चढ़ रहा पारा, धूप कर रही बेहाल
सिर्फ रात ही नहीं, दिन का तापमान भी लोगों को परेशान करने लगा है। जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री के बीच पहुंच चुका है। दक्षिणी जिलों में पारा 35 डिग्री के करीब जा रहा है, जिससे दोपहर में कड़ी धूप पसीना छुड़ा रही है।
हवा की गुणवत्ता भी चिंता का विषय
राजधानी रांची और आसपास के शहरों में AQI 130 से 160 के बीच दर्ज किया गया है, जो मध्यम से खराब श्रेणी में आता है। ऐसे में मौसम के बदलते मिजाज के साथ हवा की गुणवत्ता भी लोगों के लिए चुनौती बन सकती है।
झारखंड में ठंड की विदाई और गर्मी की दस्तक साफ दिखने लगी है। अभी अप्रैल-मई बाकी हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान और चढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम का यह बदलाव लोगों को अभी से गर्मी के लिए तैयार रहने का संदेश दे रहा है।