झारखंड निकाय चुनाव की वोटिंग के समय हिंसा, गिरिडीह में फायरिंग, बोकारो में DSP घायल, शांति व्यवस्था पूरी तरह भंग
Ranchi: इस दौरान लोकतंत्र के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले. एक तरफ जहां सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं और लोगों में वोट डालने के प्रति भारी उत्साह था, वहीं दूसरी ओर राज्य के कई जिलों से हिंसा, फर्जी वोटिंग और हंगामे की खबरें सामने आईं. कई जगहों पर स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा तब जा कर मामला शांत हुआ...
Feb 24, 2026, 10:30 IST
Ranchi: मारपीट, टकराव, गोलीबारी और हिंसा की खबरों के बीच झारखंड निकाय चुनाव के लिए सोमवार को मतदान खत्म हो गया है.राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों में वोटिंग हुई, इनमें 9 नगर निगम भी शामिल हैं. कुल 1042 वार्डों में हुए मतदान के लिए कुल 43 लाख वोटर्स थे. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक चली. इस दौरान लोकतंत्र के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले. एक तरफ जहां सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं और लोगों में वोट डालने के प्रति भारी उत्साह था, वहीं दूसरी ओर राज्य के कई जिलों से हिंसा, फर्जी वोटिंग और हंगामे की खबरें सामने आईं. कई जगहों पर स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा तब जा कर मामला शांत हुआ...
झारखंड निकाय चुनाव में जानें इन शहरों में हुई मारपीट
- रांची के हिंदपीढ़ी में इदरीसिया तंजीम में मतदान के दौरान मारपीट की घटना हुई. यहां ईदसिरिया तंजीम स्कूल बूथ पर मारपीट की घटना सामने आई है. दो अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.
- बोकारो में नगर निकाय चुनाव के दौरान बूथ पर हुए बवाल और मारपीट में चास डीएसपी प्रवीण सिंह घायल हो गए.
- गिरिडीह में बूथ संख्या 4 और धनबाद में वार्ड 27 के बूथ पर मतदान के दौरान समर्थकों के बीच झड़प और मारपीट की घटना हुई.
- धनबाद नगर निगम चुनाव के वार्ड संख्या-22 में बूथ लूटने के दाैरान भारी हंगामा हुआ और पार्षद प्रत्याशी के भाई से मारपीट की घटना हुई.
- जमशेदपुर में निकाय चुनाव के दौरान जुगसलाई में बोगस वोटिंग पर बवाल हुआ. रिंकू सिंह ने समर्थकों संग हंगामा किया जिस वजह से एक घंटे मतदान रुका रहा.
- गुमला जिले के वार्ड नंबर चार में स्थित अंबेडकर नगर मतदान केंद्र की है,जहां दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया. विवाद इस हद तक बढ़ गया कि दोनों में मारपीट तक की नौबत आ गयी.
- साहिबगंज में चुनाव ड्यूटी के दौरान होमगार्ड के जवान के राइफल से गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई.
- गिरिडीह वार्ड नंबर 18 में गोली चली, इसमें दो लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान मो. असलम अंसारी एवं समीम अंसारी के रूप में हुई है.
गिरिडीह में वोटिंग के दौरान गोलीबारी, दो लोग घायल
गिरिडीह में निकाय चुनाव के मतदान के अंतिम समय में गोली चली है. गोली दो लोगों को लगी है. घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. यह घटना वार्ड नंबर 18 की है. घायलों में मो. असलम अंसारी एवं समीम अंसारी शामिल है. घटना नगर थाना इलाके के झींझरी मोहल्ला-आजाद नगर के बीच की बतायी जा रही है. घायल के मुताबिक सोमवार की सुबह वोटिंग शुरू होने के बाद ही झगड़ा हो गया था. इसकी जानकारी पर SDM-DSP समेत कई अधिकारी पहुंचे थे और मामला शांत करवा दिया. वहीं शाम को फिर वोटिंग को लेकर कहासुनी होने लगी. बात नहीं बढ़े इसलिए वे लोग झींझरी मुहल्ला पहुंचे. तभी शिवम श्रीवास्तव के आदमी लोग आ गए और फायरिंग कर दी. कहा कि गोली किसने चलायी है यह उसने देखा नहीं है लेकिन गोली चलाने वाले शिवम के आदमी ही थे.
सड़क जाम जमकर हंगामा
इधर इस घटना से नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया है. लोग पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगा रहे हैं. लोगों का कहना है कि सुबह में ही प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेता तो नौबत यह नहीं आती. दूसरी तरफ घटना की जानकारी मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार सदर अस्पताल पहुंचे. यहां घायलों को स्थिति को जाना और पुलिस पदाधिकारियों को घटनास्थल पर भेजते हुए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. पुलिस गोली चलाने वाले को खोज रही है. इलाके में बल की तैनाती कर दी गई है.
यहां बता दें कि रविवार की सुबह इसी वार्ड में वोटिंग को लेकर काफी हंगामा हुआ था. हंगामा के बाद सड़क जाम किया गया था. यहां पर प्रशासन ने तुरंत ही मोर्चा संभाला और फिर स्थिति को काबू में लिया था. इस बीच शाम को फिर से भिड़ंत हो गई.