झारखंड में बदला मौसम: गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, अलर्ट जारी...
Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार 16 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक 16 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्य भागों में कहीं-कहीं गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी संभावना है. वहीं पूर्वी और निकटवर्ती मध्य झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ अधिकतम 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक के झोंके आ सकते हैं.
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है, उनमें देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज के साथ-साथ पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा तथा रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जैसे जिले शामिल हैं. इन क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है.
मौसम केंद्र के अनुसार 17 से 19 मार्च के दौरान भी राज्य में मौसम अस्थिर बना रहेगा. इस दौरान आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका है. बारिश और बादलों के प्रभाव से राज्य के अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों के दौरान लगभग 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है. इसके बाद तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है.
रांची और आसपास के इलाकों में 16 मार्च को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे. गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है. तेज हवा और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है.