झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश की फुहारें, वज्रपात से सतर्क रहने की चेतावनी

Ranchi: मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 6 जून के बीच राज्य के विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. दक्षिणी, मध्य और पूर्वी जिलों में वज्रपात की आशंका अधिक है. वहीं उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है.
 

Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, वहीं दूसरी ओर आकाशीय बिजली (वज्रपात) और तेज आंधी का खतरा भी बना हुआ है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है.

मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 6 जून के बीच राज्य के विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. दक्षिणी, मध्य और पूर्वी जिलों में वज्रपात की आशंका अधिक है. वहीं उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है. मौसम केंद्र रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 2 जून से 5 जून के बीच अलग-अलग इलाकों में मौसम का असर देखने को मिलेगा.

मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक झारखंड में मौसम के बदलते स्वरूप के पीछे कई सक्रिय मौसमी प्रणालियां यानी सिनॉप्टिक सिस्टम एक साथ काम कर रही हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ क्षेत्र में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से लेकर तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन फैली हुई है. इसके अलावा दूसरी ट्रफ पाकिस्तान से पश्चिम बंगाल तक झारखंड के ऊपर से गुजर रही है. इसकी वजह से राज्य में नमी, बादल, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बार-बार बन रही है.

2 जून और 3 जून को कैसा रहेगा मौसम

मंगलवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों को छोड़कर बाकी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है. 3 जून को भी यही स्थिति बनी रहेगी.

4 जून और 5 जून को कैसा रहेगा मौसम

मौसम केंद्र रांची के आंकड़ों के मुताबिक दोनों दिन राज्य के पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहानी-कहानी में गर्जन वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. इसका असर रांची, बोकारो, गुमला हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद के अलावा देवघर, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, जामताड़ा के इलाकों में देखने को मिल सकता है.

रांची के तापमान का हाल

मौसम में आए बदलाव का असर सीधे तौर पर अधिकतम तापमान पर दिख रहा है. अगले 6 जून तक रांची के आसमान में बादलों की लुका छुपी जारी रहेगी. 2 जून को रांची में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है. रांची में 3 जून से 6 जून तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रह सकता है.

झारखंड में 2 जून से 6 जून के बीच बोकारो में अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक जाने की संभावना है. रामगढ़ में अधिकतम 38 डिग्री, हजारीबाग में 38 डिग्री, खूंटी में 37 डिग्री, गुमला में 37 डिग्री तक रिकॉर्ड हो सकता है. जबकि पूर्वी सिंहभूम में 40 डिग्री, सरायकेला में 39 डिग्री, चाईबासा में 41 डिग्री और सिमडेगा में 40 डिग्री रहने का अनुमान है.

इसके अलावा धनबाद में 39 डिग्री, दुमका में 39 डिग्री और पाकुड़ में 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. खास बात है कि अगले 5 दिनों के दौरान पलामू में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है. यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है.