मौसम का मिजाज बदला-बदला: झारखंड में आंशिक बादल, गर्मी के मामले में जमशेदपुर सबसे आगे...

Ranchi: मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक 4 अप्रैल से मौसम का रुख बदल जाएगा. खासकर उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जैसे जिले शामिल हैं. वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा.
 

Ranchi: झारखंड में मौसम फिलहाल स्थिर बना हुआ है. लेकिन 4 अप्रैल से एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 3 अप्रैल को राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा. हालांकि इसके बाद राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

उत्तर पश्चिम और मध्य झारखंड के लिए अलर्ट

मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक 4 अप्रैल से मौसम का रुख बदल जाएगा. खासकर उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जैसे जिले शामिल हैं. वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा.

झारखंड के प्रमुख शहरों का तापमान (सौ. रांची मौसम केंद्र)

5 अप्रैल को दिख सकता है ज्यादा असर

मौसम केंद्र ने 4 अप्रैल को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही 5 अप्रैल को चेतावनी और गंभीर हो जाती है, जब राज्य के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज और वज्रपात की संभावना जताई गई है. 6 अप्रैल को भी राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. वहीं 7 और 8 अप्रैल को भी मौसम का यही रुख बना रहने का अनुमान है.

रांची में सामान्य से अधिक तापमान रिकॉर्ड

पिछले 24 घंटे में झारखंड के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 35 से 39 डिग्री के बीच बना रहा, जबकि रात का तापमान 19 से 25 डिग्री के बीच दर्ज किया गया. इससे साफ है कि राज्य में गर्मी अब धीरे-धीरे अपने चरम की ओर बढ़ रही है. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं जमशेदपुर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यहां न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अन्य शहरों के तापमान का हाल

डाल्टनगंज में भी गर्मी का असर देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा. चाईबासा में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. औद्योगिक क्षेत्र बोकारो में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, पूरे राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे यहां रात अपेक्षाकृत ठंडी रही.