Mausam Update: झारखंड के इन 4 जिलों में गरजेंगे बादल, 20 नवंबर को भारी बारिश की संभावना

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 17 नवंबर को राज्य में मौसम सामान्य रहेगा. सुबह हल्की ठंड और कुहासा रहेगा, जबकि दिन में धूप खिलेगी. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
 

Jharkhand Weather Update:  झारखंड में मौसम फिलहाल सामान्य रहने वाला है, लेकिन अगले दो दिनों में राज्य के दक्षिणी हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 17 नवंबर को राज्य के ज्यादातर इलाकों में सुबह हल्की ठंड और कुहासा देखने को मिल सकता है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं हैं। राजधानी रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने की उम्मीद है।

19 नवंबर से दक्षिणी झारखंड में बदलेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 19 नवंबर से झारखंड के दक्षिणी जिलों में मौसम बदल सकता है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में इन इलाकों में बादलों की आवाजाही और मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

20 नवंबर को भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने 20 नवंबर को दक्षिणी झारखंड और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

फिलहाल राज्य में तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन 19 और 20 नवंबर को बारिश के कारण मौसम का मिजाज बदल सकता है।