झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: 2 से 7 मई तक बारिश, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट, मौसम विभाग ने लोगों से बरतने को कहा एहतियात

Jharkhand Weather Update: 2 से 7 मई तक राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान झारखंड के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
 

Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. 2 से 7 मई तक राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान झारखंड के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका है.

मौसम विभाग के अनुसार, 2 मई को आंशिक बादल छाए रहेंगे और राज्य के उत्तर पश्चिमी भाग- पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार को छोड़कर बाकी जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. 3 मई को भी मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा. आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, और राज्य के पश्चिमी भाग को छोड़कर कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 7 मई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. 

 

मौसम विभाग के अनुसार रांची और इसके आसपास 2 से 5 मई के बीच में अधिकतम तापमान लगभग 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 

मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह 

गर्जन, वज्रपात और तेज आंधी-तूफान के दौरान घर के अंदर रहें, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें. पेड़ों के नीचे खड़े न हों. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग कर दें. मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लेने तथा यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.