जब आम आदमी की तरह होटल में बैठे झारखंड के CM! छोटे होटल में चाय-पकौड़ी का आनंद लेते दिखे हेमंत सोरेन

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन मंगलवार को कसमार में एक छोटे से होटल में अचानक रुक गए. कसमार-नेमरा रोड स्थित गुड्डू होटल में मुख्यमंत्री दंपती ने करीब आधे घंटे तक चाय, पकौड़ी और जलेबी का आनंद लिया. इस दौरान कल्पना सोरेन ने खुद चाय बनाई. मुख्यमंत्री के होटल पहुंचने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और लोग उनके साथ सेल्फी लेने लगे.

 

Bokaro:  झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन का मंगलवार को एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। भारी सुरक्षा और वीआईपी प्रोटोकॉल के बीच रहने वाले मुख्यमंत्री अचानक कसमार-नेमरा रोड पर स्थित गुड्डू होटल पहुंच गए। यहां उन्होंने आम लोगों की तरह बैठकर चाय, पकौड़ी और जलेबी का स्वाद लिया। इस दौरान कल्पना सोरेन ने खुद चाय बनाई, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।

आधे घंटे तक होटल में बिताया समय

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने काफिले के साथ कसमार पहुंचे थे। इसी दौरान वे सड़क किनारे स्थित एक साधारण होटल में रुक गए। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन को इस तरह आम लोगों के बीच देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। दोनों ने होटल में करीब आधे घंटे तक समय बिताया और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लिया।

कल्पना सोरेन ने खुद बनाई चाय

इस मुलाकात का सबसे खास पल तब देखने को मिला, जब कल्पना सोरेन ने खुद चाय बनाने की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने अपने हाथों से चाय बनाई और मुख्यमंत्री के साथ उसका स्वाद लिया। होटल में चाय और पकौड़ियों के बीच मुख्यमंत्री दंपती का सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

सेल्फी लेने के लिए जुटे लोग

मुख्यमंत्री के होटल में रुकने की खबर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोग हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के साथ तस्वीरें लेने और वीडियो बनाने के लिए उत्साहित दिखे। होटल के अंदर से लेकर बाहर सड़क तक लोगों की आवाजाही बढ़ गई। भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षाकर्मियों को भी मशक्कत करनी पड़ी।

नेमरा के लिए पैक कराईं पकौड़ी और जलेबी

होटल से रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने ताजी जलेबियों के साथ आलू चोप और पकौड़ियों का भी स्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने कुछ व्यंजन पैक करवाए, जिन्हें अपने साथ पैतृक गांव नेमरा ले गए।

मुख्यमंत्री के इस अचानक होटल पहुंचने से होटल संचालक कुणाल जायसवाल और स्थानीय लोगों के लिए यह दिन यादगार बन गया। कसमार में मुख्यमंत्री दंपती का यह अनौपचारिक अंदाज पूरे इलाके में चर्चा का विषय रहा।