पुलिस ने चलाया वाटर कैनन तो झूमने लगे आंदोलनकारी, वीडियो हो रहा वायरल बोले- ‘भइया, थोड़ा और प्रेशर मारो न’

JPSC Protest: वाटर कैनन से पानी की तेज बौछार शुरू होने के बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए माहौल काफी अलग नजर आया. पानी की धार के बीच कई छात्र झूमते और डांस करते दिखाई दिए. प्रदर्शनकारियों ने इसे अपने विरोध का हिस्सा बनाया और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद आंदोलन जारी रखा.
 

JPSC Protest: जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का विधानसभा घेराव आंदोलन सोमवार को तेज हो गया। विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस ने जगन्नाथपुर मंदिर के पास रोकने की कोशिश की। बैरिकेडिंग के बावजूद छात्र आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

वाटर कैनन से पानी की तेज बौछार शुरू होने के बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए माहौल काफी अलग नजर आया। पानी की धार के बीच कई छात्र झूमते और डांस करते दिखाई दिए। प्रदर्शनकारियों ने इसे अपने विरोध का हिस्सा बनाया और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद आंदोलन जारी रखा।

वाटर कैनन के बीच छात्रों ने किया ‘रेन डांस’

पुलिस की ओर से वाटर कैनन चलाए जाने के बाद छात्रों को तेज पानी की धार का सामना करना पड़ा। हालांकि, कई प्रदर्शनकारी इससे पीछे हटने के बजाय पानी में ही झूमते नजर आए। कुछ छात्रों ने जमकर ‘रेन डांस’ किया और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जारी रखा।

इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर पुलिस की भारी मौजूदगी रही और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जाती रही।

‘पुष्पा’ के लुक में पहुंचा युवक बना आकर्षण

छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शन स्थल पर एक युवक फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार के लुक में भी पहुंचा। उसके हुलिए और अंदाज ने प्रदर्शनकारियों और मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।

आंदोलन के बीच छात्रों ने एकजुट होकर राष्ट्रगान भी गाया। इससे प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए माहौल भावुक और देशभक्ति से भरा नजर आया।

विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश जारी

JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्र लगातार अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी।

छात्र बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास करते रहे, जबकि पुलिस उन्हें निर्धारित स्थानों पर रोकने की कोशिश करती रही। वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद भी छात्रों का आंदोलन थमा नहीं और वे अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे।

छात्रों की प्रमुख मांग

छात्र JPSC समेत भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और परीक्षा संबंधी शिकायतों का ठोस समाधान किया जाए।

फिलहाल रांची में JPSC को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है और विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।